

आष्टा। नगरपालिका द्वारा शहर के विकास और कायाकल्प को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में एक ओर जहां शहर के विभिन्न चौराहों और प्रमुख स्थानों पर सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है, वहीं दूसरी ओर मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निर्माण कार्यों का सिलसिला भी लगातार जारी है। नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा द्वारा वार्ड पार्षद अतीक कुरैशी की उपस्थिति में शहजानी मस्जिद मुख्य मार्ग होते हुए शीतला माता मंदिर से लेकर कसाईपुरा चौराहा तक बनने वाले सीसी रोड़ निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया।

नपाध्यक्ष प्रतिनिधि प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त मार्ग का निर्माण लगभग 9 लाख 66 हजार रुपये की लागत से पूर्ण होगा। नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने कहा कि यह मार्ग केवल कंक्रीट और डामर की सड़क मात्र नहीं है, बल्कि यह हमारे नगर की अटूट आस्था, आपसी भाईचारे और साझी संस्कृति का एक जीवंत प्रतीक है। एक तरफ इस मार्ग पर हमारी आस्था का केंद्र, नगर की माता शीतला मां का प्राचीन मंदिर स्थित है, जहां हर दिन सैकड़ों श्रद्धालु और मांगलिक कार्यों के लिए हमारे परिवार मंगलकामनाओं के साथ आते हैं।

वहीं दूसरी तरफ, इसी मार्ग पर हमारे मुस्लिम भाईयों की मस्जिद भी स्थित है, जो इस बात का गवाह है कि हमारा नगर हमेशा से कौमी एकता और समरसता की मिसाल रहा है। श्री मेवाड़ा ने कहा कि पिछले काफी समय से वर्षों पुराना यह मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। हमारे बुजुर्गों, माताओं-बहनों और नन्हे बच्चों को यहां से गुजरते समय भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। श्रद्धालुओं के कदम जब इन गड्ढों पर पड़ते थे, तो कष्ट होना स्वाभाविक था। लेकिन, जहां चाह होती है, वहां राह निकल ही आती है।

नागरिकों की इस परेशानी को समझते हुए और उनके आवागमन को सुगम व सुरक्षित बनाने के लिए हमारी सजग नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर मेवाड़ा की अध्यक्षता में इस पूरे मार्ग को एक नया, भव्य और मजबूत स्वरूप देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। जिसका आज हम सभी मिलकर भूमिपूजन कर रहे है। बहुत जल्द यह मार्ग एक नए स्वरूप में आपके सामने होगा, जिससे न केवल श्रद्धालुओं को सुलभ दर्शन प्राप्त होंगे, बल्कि हर आम नागरिक का सफर भी आसान बनेगा।

इस अवसर पर पार्षद सुभाष नामदेव, श्रीराम मंदिर समिति अध्यक्ष गोविंद सोनी, देवकरण पहलवान, खालिद पठान, कल्लू कुशवाहा, हाजी मुन्ना खां, रिजवान पठान, अकरम खान, राजेश, शोएब खां, अशोक, अशफाक खां घड़ी, इमरान पठान, प्यारे कुरैशी, नासिर धनिया, सज्जू कुरैशी, जाकिर कुरैशी, हजीरा कुरैशी, दानिश कुरैशी, आबिद कुरैशी, सलमान खां, अनीस कुरैशी, अकरम कुरैशी आदि मौजूद थे।



