
कॉलोनी चौराहे पर आष्टा युवा संगठन संस्था एवं नगरवासियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर किया नमन, शराब तस्करी रोकने के दौरान मिनी ट्रक से कुचलने की घटना

आष्टा। देवास जिले के खातेगांव में पदस्थ थाना प्रभारी (टीआई) दिलीप पुरी गोस्वामी की ड्यूटी के दौरान हुई दर्दनाक मौत से पुलिस महकमे सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अवैध शराब तस्करी पर कार्रवाई के दौरान एक मिनी ट्रक की चपेट में आने से उन्होंने अपने प्राण गंवा दिए। उनके पार्थिव शरीर के आष्टा पहुंचने पर कॉलोनी चौराहे पर स्थानीय आष्टा युवा संगठन एवं नगरवासियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और एक कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी को नम आंखों से नमन किया।

जानकारी के अनुसार, धार जिले की सरदारपुर तहसील के बारमंडल गांव निवासी टीआई दिलीप पुरी गोस्वामी खातेगांव थाने में पदस्थ थे। पुलिस द्वारा अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए जांच और निगरानी बढ़ाई गई थी। इसी क्रम में खातेगांव-नेमावर मार्ग पर पुलिस चेकिंग पाइंट लगाया गया था, जहां थाना प्रभारी स्वयं ड्यूटी पर तैनात थे।

इसी दौरान एक मिनी ट्रक को रोकने का प्रयास करने पर चालक वाहन रोकने के बजाय टीआई को कुचलते हुए आगे निकल गया। हादसे में उनके सिर और सीने के हिस्से में गंभीर चोटें आईं। पुलिसकर्मियों ने उन्हें बचाने के लिए सीपीआर सहित अन्य प्रयास किए, लेकिन गंभीर चोटों और अधिक रक्तस्राव के चलते उनकी जान नहीं बच सकी। घटना के बाद पुलिस ने वाहन का पीछा किया। चालक संदलपुर में वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस ने मिनी ट्रक जब्त कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के कुछ ही घंटों में चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

कॉलोनी चौराहे पर दी गई श्रद्धांजलि टीआई दिलीप पुरी के पार्थिव शरीर के आष्टा पहुंचने पर कॉलोनी चौराहे पर युवा संगठन के प्रमुख आनंद गोस्वामी, हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष भुरू मुकाती ,पार्षद रवि शर्मा ,कमल पाटीदार ,रोहित तोमर ,जसपाल गोस्वामी ,पेम चंद यादव ,अर्जुन पाटीदार ,भूरा यादव ,पवन राका ,पवन यादव,,बैटरी पहलवान ,रवि गोस्वामी ,दीपक गोस्वामी ,एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने वाहन रोककर पुष्पचक्र अर्पित किए। उपस्थित लोगों ने भारत माता के जयकारे लगाते हुए दिवंगत अधिकारी के कर्तव्यनिष्ठ सेवाभाव को याद किया तथा श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान माहौल गमगीन रहा और लोगों ने उन्हें भावभीनी अंतिम विदाई दी।


