
सीहोर, 22 अक्टूबर 2026
कलेक्टर श्री बालागुरू के तथा नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देशानुसारं जिलेभर में औषधी प्रशासन की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में हाल ही में जिले के विभिन्न मेडिकल स्टोर्स की सघन जांच की गई, जिसमें औषधी अधिनियम के कई गंभीर उल्लंघन पाए गए। नियमों की अनदेखी सामने आने पर प्रशासन ने मेसर्स एमआर मेडिकल भैरुंदा, मेसर्स गुरुदेव मेडिकल एजेंसी भैरुंदा, मेसर्स सांई विभु मेडिकल बुधनी और मेसर्स श्री विनायक मेडिकल स्टोर्स बकतरा को नोटिस जारी कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।

औषधि निरीक्षक श्री किरण कुमार मगरे ने बताया कि जांच के दौरान इन मेडिकल संचालकों से औषधियों के क्रय-विक्रय के रिकॉर्ड सहित अन्य उल्लंघनों के संबंध में जवाब मांगा गया था, लेकिन संबंधित प्रतिष्ठानों द्वारा निर्धारित समयावधि में संतोषजनक जवाब या रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं किया गया। प्रशासन के आदेशों और निर्देशों की इस प्रकार की लगातार अवहेलना को गंभीरता से लेते हुए औषधी प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। नियमों का पालन न करने पर मेसर्स गुरुदेव मेडिकल एजेंसी भैरुंदा की मेडिकल अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, गंभीर लापरवाही और जवाब न देने के कारण मेसर्स एम.आर. मेडिकल भैरुंदा, मेसर्स सांई विभु मेडिकल बुधनी और मेसर्स श्री विनायक मेडिकल स्टोर्स बकतरा की अनुज्ञप्तियों को तत्काल प्रभाव से पूरी तरह निरस्त कर दिया गया है। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से जिले के अन्य मेडिकल संचालकों में भी हड़कंप मच गया है।


