आष्टा में सजेगा खुशियों और सपनों का संसार:- सृजन कॉन्वेंट स्कूल में 21 नवंबर को होगा भव्य ‘सृजन बाल मेला’

आष्टा। बच्चों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मकता और मनोरंजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बजरंग कॉलोनी स्थित सृजन कॉन्वेंट स्कूल में आगामी 21 नवंबर 2026 (शनिवार) को भव्य ‘सृजन बाल मेला’ का आयोजन किया जा रहा है। “खुशियों के रंग, सपनों के संग – खेलें, सीखें, मुस्कुराएँ” की थीम पर आधारित यह आनंदमय उत्सव शाम 5 बजे से शुरू होगा। विद्यालय परिवार ने इस खास आयोजन में शामिल होने के लिए समस्त अभिभावकों और नगरवासियों को सादर आमंत्रित किया है।

मेले को यादगार बनाने के लिए स्कूल परिसर में कई आकर्षक और रोमांचक गतिविधियाँ रखी गई हैं। मुख्य आकर्षणों में ‘रंग-बिरंगे किरदार’ के तहत फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित होगी, जहाँ नन्हे बच्चे अपनी कला और आत्मविश्वास का प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही ‘नन्हे व्यापारियों का बाजार’ आकर्षण का केंद्र रहेगा, जिसमें बच्चों द्वारा स्वयं विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे उनमें व्यावहारिक ज्ञान और उद्यमिता की भावना विकसित हो सके।

मनोरंजन के लिए मेले में मिकी माउस, मस्ती भरी राइड्स, विभिन्न प्रकार के झूले और ‘जीत का जश्न’ मनोरंजक गेम्स की व्यवस्था की गई है। रोमांच के शौकीन बच्चों के लिए ‘डर और रोमांच की दुनिया – भूत बंगला’ भी तैयार किया जा रहा है। वहीं, ‘खिलौनों की जादुई दुनिया’ के स्टॉल और विजेताओं व प्रतिभागियों के लिए ‘खुशियों के तोहफे’ के रूप में आकर्षक उपहार भी रखे गए हैं। इसके अलावा, ‘स्वाद की चौपाल’ फूड स्टॉल पर आगंतुक लजीज व्यंजनों का आनंद उठा सकेंगे।स्कूल प्रबंधन के अनुसार, यह बाल मेला बच्चों को किताबी ज्ञान से हटकर सीखने, खेलने और अपनी प्रतिभा निखारने का एक बेहतरीन मंच प्रदान करेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top