आयुष्मान योजना के लंबित भुगतान को लेकर अस्पताल संचालकों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन, एनएबीएच की बाध्यता और जिला अस्पतालों की कार्यप्रणाली संबंधी समस्याओं के निराकरण की मांग, 8 अक्टूबर से आयुष्मान मरीजों का इलाज बंद करने की चेतावनी, विधायक ने कहा, उक्त मांग शासन तक भेजूंगा

आष्टा। यूनाइटेड प्राइवेट हॉस्पिटल्स डायरेक्टर्स एसोसिएशन ने आयुष्मान भारत योजना के तहत अस्पतालों के लंबित भुगतान, एनएबीएच की बाध्यता तथा जिला अस्पतालों की कार्यप्रणाली से जुड़ी समस्याओं को लेकर विधायक गोपालसिंह इंजीनियर को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन ने शासन से समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की।एसोसिएशन के संयुक्त सचिव एवं डायरेक्टर डॉ. कुणाल राय ने बताया कि आयुष्मान योजना से जुड़े अस्पतालों को पिछले कई माह से भुगतान नहीं मिला है।

पुराने पोर्टल-1, पोर्टल-2 तथा सीपीडी द्वारा रिजेक्ट किए गए प्रकरणों की राशि भी लंबित है। इसके कारण अस्पतालों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने एनएबीएच की वर्तमान बाध्यता को भी अव्यावहारिक बताते हुए इसे तत्काल रोकने की मांग की। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो 8 अक्टूबर से सीहोर जिले के निजी अस्पताल आयुष्मान मरीजों का उपचार करने में असमर्थ रहेंगे।

ज्ञापन प्राप्त करते हुए विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने एसोसिएशन के सदस्यों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा कर इन समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करेंगे और निराकरण के लिए पहल करेंगे।इस अवसर पर डॉ. कुणाल राय, नवीन जैन (प्रबंधक, शिवालय हॉस्पिटल), चेतन मेवाड़ा (अपोलो हॉस्पिटल), सुल्तान खां (जेके हॉस्पिटल) सहित एसोसिएशन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top