प्राचीन संस्कृति की अनुपम छटा बिखेरता बारह खम्भा मेला पशुधन के स्वास्थ्य संवर्धन और सुरक्षा के लिए पूजा-अर्चना की अनूठी परंपरा है बारह खंभा मेला

सीहोर, 07 नवम्बर 2026 भारत, विविध बहुरंगी संस्कृतियों, और परंपराओं का देश है, जो अपने जीवंत त्योहारों के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। हमारे देश में कुछ किलोमीटर के अन्तराल में ही स्थानीय बोली, परिवेश और सांस्कृतिक विविधता के दर्शन हो जाते हैं। देश के तीज, त्योहारों और मेलों का जीवन में एक विशेष महत्व है। यह हमारी जीवंत और समृद्धशाली सांस्कृतिक का प्रतीक है, जो सनातन से अविरल प्रवाहमान है। भारतीय संस्कृति में केवल मनुष्य ही नहीं बल्कि सृष्टि के प्रत्येक प्राणी के कल्याण की कामना है।

सीहोर जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर लगने वाला बारह खम्बा मेला, एक ऐसा मेला है जिसमें पशुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए पूजा-अर्चना की जाती है। दीपावाली के दूसरे दिन अर्थात पडवाँ के दिन इछावर तहसील के ग्राम देवपुरा में बारह खंबा मेला लगता है। यह मेला मध्यक्षेत्र का सबसे बड़ा मेला है, जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां आते हैं। इस मेले में लाखों जनजातीय वर्ग के लोग अपने ईष्ट देव की शिला का दूध से अभिषेक और पूजा अर्चना कर अपने पशुधन की स्वास्थ्य और सुरक्षा की कामना करते हैं।

यहां सुबह से शाम तक हजारो लीटर दूध से देवशिला का अभिषेक किया जाता है। एसी मान्यता है कि यहा देवशिला पर अपने दुधारू पशु का दूध चढ़ाने से वह साल भर रोगमुक्त रहते हैं। जनजातीय समुदाय के अलावा सभी वर्गों के श्रद्धालु यहां आ रहे हैं और यह मेला प्रदेश के बड़े मेलों में से एक हे जिसमें दो लाख से अधिक श्रद्धालु यहां आते हैं। बारह खंबा मेला इछावर में प्राचीन काल से ही लगता आ रहा है। इछावर से 15 किमी दूर देवपुरा गाँव में जनजातीय समुदाय के आराध्य देव की देवरूपी शिला है, जिसे बारह खंबा वाले देव महाराज के नाम से जाना जाता है। यह 12 शिला स्तम्भों से बने छत के नीचे विद्यमान थी।

इसीलिए इस स्थान का नाम बारह खंबा पड़ गया। वर्तमान में देवपुरा गाँव बारह खंबा के नाम से ही जाना जाता। बारह खम्बा मेले के बारे में इस क्षेत्र में यह किवदंती प्रचलित है कि गाँव के एक किसान को लगातार पशुधन की हानि हो रही थी। उसके पशु लगातार बीमार रहते और कुछ समय बाद उनकी मृत्यु हो जाती थी। कुछ समय बाद इस किसान को जंगल में एक ग्वाला मिला। ग्वाला ने उस किसान से कहा कि बारह खबे के बीच एक देवशिला है। उस देवशिला पर पड़वाँ के दिन दूध चढ़ाना फिर साल भर तुम्हारे पशु स्वस्थ रहेंगे। यह बात उस किसान ने ग्रामवासियों को बताई। तभी से यहाँ दिपावली के दूसरे दिन यानी पड़वाँ को दूध चढ़ाने की प्रथा शुरू हो गई और मेला लगने लगा।

अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई

सीहोर, 06 नवम्बर 2026 कलेक्‍टर श्री बालागुरू के. के निर्देशानुसार जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में विभागीय टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 06 प्रकरण दर्ज किए हैं। प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी श्री राजेश विश्वकर्मा ने बताया कि प्राप्त सूचनाओं एवं शिकायतों के आधार पर ग्राम लोहापठार में कार्रवाई कर 05 लीटर अवैध हाथ भट्टी कच्ची मदिरा एवं

95 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। वहीं ग्राम श्यामपुर एवं तोरनिया में कार्रवाई कर 33 पाव देशी मदिरा जब्त की गई तथा दो आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए। इसी प्रकार ग्राम जोड़ स्थित पटेल देशी तड़का ढाबा, ग्राम फुड़रा एवं चिनौटा में दबिश देकर 10 पाव देशी मदिरा, 12 लीटर कच्ची मदिरा एवं 220 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। इस कार्रवाई में तीन प्रकरण दर्ज कर दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि एक प्रकरण में आरोपी की गिरफ्तारी शेष है।

इस प्रकार आबकारी विभाग द्वारा कुल 06 प्रकरण आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) एवं (च) के तहत दर्ज कर विवेचना में लिए गए हैं। जब्त मदिरा को विधिवत सीलबंद कर कब्जे में लिया गया तथा महुआ लाहन के सैंपल लेकर मौके पर नष्ट किया गया। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती संगीता नायक, आबकारी उपनिरीक्षक सुश्री रिया जैन, मुख्य आरक्षक श्री ललित गीते, आबकारी आरक्षक श्री सत्यवान वर्मा, सुश्री रामसखी एवं नगर सैनिकों का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top