

आष्टा (सीहोर)। विकासखंड आष्टा में आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. अमित गणेश माथुर को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी, सीहोर ने डॉ. माथुर को ‘प्रशस्ति पत्र’ प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।

सीएम हेल्पलाइन में शत-प्रतिशत सफलता- जारी प्रशस्ति पत्र के अनुसार, सितंबर 2026 के दौरान सीएम हेल्पलाइन (181) के अंतर्गत आष्टा विकासखंड में आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) और लोक स्वास्थ्य से जुड़ी प्राप्त सभी शिकायतों का शत-प्रतिशत (100%) त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया गया। समय-सीमा के भीतर आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान को लेकर कलेक्टर ने डॉ. माथुर के प्रयासों को अत्यंत प्रशंसनीय एवं अन्य अधिकारियों के लिए अनुकरणीय बताया।

शुभचिंतकों और नगरवासियों ने दी बधाई- कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में कलेक्टर ने आष्टा क्षेत्र की चिकित्सा व्यवस्था में हो रहे सुधारों की भी प्रशंसा की और डॉ. माथुर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, शुभचिंतकों और नगरवासियों ने डॉ. अमित गणेश माथुर को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।


