4 सितंबर को सजेगी दही-हांडी प्रतियोगिता की भव्य महफिल, प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी भाऊबाबा मंदिर चौराहा पर होगा मटकी फोड़ का आयोजन

आष्टा। नगर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं उत्सव पर्वों की श्रृंखला के तहत प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी भव्य दही-हांडी प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। श्रीराधा-कृष्ण मंदिर समिति कुम्हारपुरा के तत्वावधान में भाऊबाबा मंदिर चौराहा पर आगामी 4 सितंबर, शुक्रवार को रात्रि 8 बजे से इस रोमांचक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए समिति के सदस्य दिन-रात एक कर संपूर्ण व्यवस्थाएं जुटाने में लगे हुए हैं। आयोजन स्थल पर विशाल मंच, प्रकाश एवं ध्वनि व्यवस्था के साथ-साथ

दर्शकों के बैठने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। नगर व आसपास के क्षेत्रों की गोविंदा टोलियों को आमंत्रित किया जा रहा है, जो ऊंचे बंधे माखन मटके को फोड़ने के लिए अपना पराक्रम दिखाएंगी।यह रहेंगे मुख्य अतिथि – आयोजन समिति ने जानकारी देते हुए बताया कि इस गरिमामयी सांस्कृतिक कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी अखलेश राय, विधायक गोपालसिंह इंजीनियर तथा नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। समिति सदस्य मनीष प्रजापति, मोहित प्रजापति, विकास यादव, जयदीप महेश्वरी, आकाश प्रजापति, अर्जुन प्रजापति द्वारा नगरवासियों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पीले चावल व आमंत्रण पत्र वितरित किए जा रहे हैं।

सुभाष मैदान पर राज्य स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट का हुआ शुभारंभ, कन्नौद और बड़ोदिया के बीच खेला गया पहला मुकाबला

आष्टा। स्थानीय सुभाष मैदान पर उज्जीवन स्मॉल फायनेंस बैंक के तत्वावधान में राज्य स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट उज्जीवन कप का शानदार आगाज हुआ। खेल प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और फुटबॉल को किक मारकर किया। उद्घाटन मैच कन्नौद और बड़ोदिया की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना और कौशल का प्रदर्शन किया। मैदान दर्शकों के उत्साह और तालियों से गूंजता रहा। खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास के लिए आवश्यक हैं,

बल्कि वे अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी सिखाते हैं। आष्टा की धरती पर इस तरह के राज्य स्तरीय आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे आने और अपनी क्षमता दिखाने का बेहतरीन अवसर मिलता है। उन्होंने बैंक प्रबंधन की इस पहल की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागी टीमों को उत्कृष्ट प्रदर्शन और जीत की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर टूर्नामेंट अध्यक्ष विशाल डोडी, अतीक बारी, द्वारकादादा सोनी, पार्षद डॉ. सलीम खान, अरशद अली, सुशील कुशवाह, उमेर लाला, महेश प्रजापति, डॉ. हसीब खान, परमानंद प्रजापति, मोनू धनगर आदि मौजूद थे। संचालन कुशलपाल लाला द्वारा किया गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top