टैक्स बार ने किया जॉइंट कमिश्नर का स्वागत

सीहोर। राज्य कर विभाग की डिविजनल जॉइंट कमिश्नर श्रीमती सीमा मिश्रा जनसंवाद कार्यक्रम के अंतर्गत कर सलाहकारों से संवाद करने राज्य कर कार्यालय, सीहोर पहुँचीं। सीहोर आगमन पर सीहोर टैक्स प्रैक्टिशनर एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिषेक सुराणा एवं एसोसिएशन के पदाधिकारियों व सदस्यों द्वारा उनका स्वागत किया गया। जॉइंट कमिश्नर श्रीमती सीमा मिश्रा ने बताया कि राजस्व हित में करदाताओं को आ रही समस्याओं को जानने, उनका समाधान करने तथा उन्हें टैक्स कम्प्लायंस के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयुक्त महोदय के निर्देश पर राज्य के गुड्स एवं सर्विस टैक्स विभाग द्वारा जनसंवाद कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है।

उन्होंने उपस्थित टैक्स सलाहकारों के प्रतिनिधियों से विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की तथा विभागीय कार्यप्रणाली एवं करदाताओं से संबंधित समस्याओं के संबंध में सुझाव आमंत्रित किए। साथ ही, टैक्स सलाहकारों द्वारा सामना की जा रही व्यवहारिक समस्याओं की जानकारी भी प्राप्त की। इस अवसर पर राज्य कर सहायक आयुक्त आशीष दीवान, सीहोर टैक्स प्रैक्टिशनर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष CA महेंद्र ठाकुर, संयुक्त सचिव मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष अंकुश जैन, सहित अजय सक्सेना, श्याम सुंदर मंत्री, प्रवीण मोहता, सुमित जैन एवं CA संकल्प अग्रवाल उपस्थित रहे। अंत में सीहोर टैक्स प्रैक्टिशनर एसोसिएशन की ओर से विभाग द्वारा प्रारंभ किए गए जनसंवाद कार्यक्रम की सराहना करते हुए विभाग के उद्देश्यों की पूर्ति एवं करदाताओं में टैक्स कम्प्लायंस को बढ़ावा देने में हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया गया।

सीहोर:- खाकी का संवेदनशील और मानवीय चेहरा एक बार फिर सीहोर में देखने को मिला है। यहां सीहोर सीएसपी (CSP) डॉ. अभिनंदना शर्मा ने कर्तव्यनिष्ठा और इंसानियत की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया है। अपनी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से उन्होंने एक हादसे में घायल हुए ऑटो चालक और उसके मासूम परिजनों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर कराया इलाज।

क्या था पूरा मामला?- प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को सीहोर शहर में एक ऑटो चालक अपने परिजनों को साथ लेकर जा रहा था। बताया जा रहा है कि वाहन चलाते समय हुई अपनी ही लापरवाही के चलते डी-मार्ट के पास अचानक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ऑटो चालक के साथ-साथ वाहन में सवार उसके परिजन (महिला) और दो छोटे-छोटे बच्चे घायल हो गए और सड़क किनारे दर्द से तड़पने लगे।

देवदूत बनकर पहुंचीं सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा- घटना के वक्त सीहोर सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा का काफिला वहां से गुजर रहा था। सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त लोगों और बच्चों को दर्द में कराहते देख डॉ. शर्मा ने बिना एक पल गंवाए अपनी गाड़ी रुकवाई। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उन्होंने तुरंत मानवीय संवेदना का परिचय दिया। उन्होंने बिना औपचारिकता में वक्त गंवाए घायलों को तुरंत एक अन्य वाहन में बैठाया और खुद उनके साथ जिला अस्पताल के लिए रवाना हो गईं।

अस्पताल पहुंचकर खुद कराई इलाज की व्यवस्था- रास्ते में ही घायलों की स्थिति पर नजर रखने के बाद, डॉ. अभिनंदना शर्मा स्वयं उनके साथ जिला अस्पताल के अंदर तक गईं। अस्पताल पहुंचते ही उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों और मेडिकल टीम को तुरंत अलर्ट किया और अपनी देखरेख में सभी घायलों का त्वरित प्राथमिक उपचार शुरू करवाया। समय पर अस्पताल पहुंचने और सही इलाज मिलने के कारण सभी घायलों की जान खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हर तरफ हो रही है सराहना- सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा के इस सराहनीय कार्य और त्वरित नेतृत्व की पूरे सीहोर जिले में जोरदार चर्चा हो रही है। आम नागरिकों का कहना है कि यदि मौके पर डॉ. शर्मा की मानवीय पहल न दिखती, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। उनकी इस त्वरित कार्रवाई ने साबित कर दिया कि खाकी सिर्फ कानून का पहरा ही नहीं देती, बल्कि जरूरत पड़ने पर जीवन रक्षक बनकर फरिश्ता भी बन जाती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top