

शिक्षक दिवस पर शास्त्री स्कूल संस्थापक प्रेम नारायण शर्मा का सकल हिंदू समाज ने किया सम्मान।

आष्टा। शिक्षक दिवस के अवसर पर नगर के प्रतिष्ठित शास्त्री स्कूल के संस्थापक एवं वरिष्ठ शिक्षाविद् श्री प्रेम नारायण शर्मा का सकल हिंदू समाज द्वारा आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सकल हिंदू समाज अध्यक्ष नरेंद्र कुशवाहा पूर्व पार्षद के परसराम कॉम्प्लेक्स स्थित कार्यालय पर किया गया।इस अवसर पर सकल हिंदू समाज की ओर से श्री प्रेम नारायण शर्मा का शाल, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। उपस्थित सदस्यों ने उनके शिक्षा के क्षेत्र में किए गए योगदान को याद करते हुए शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री प्रेम नारायण शर्मा ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी है। शिक्षक का दायित्व केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन और अच्छे चरित्र का निर्माण करना भी है। उन्होंने अपने शिक्षा क्षेत्र के अनुभव साझा करते हुए कहा कि समाज में शिक्षा और संस्कारों को बढ़ावा देने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने सकल हिंदू समाज द्वारा किए गए सम्मान के प्रति आभार व्यक्त किया।सकल हिंदू समाज अध्यक्ष नरेंद्र कुशवाहा ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षक समाज का मार्गदर्शक होता है।

आष्टा नगर में शिक्षा के क्षेत्र में श्री प्रेम नारायण शर्मा का योगदान उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस पर ऐसे वरिष्ठ शिक्षाविदों का सम्मान करना समाज के लिए गौरव की बात है। उनके अनुभव और शिक्षा के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।इस अवसर पर सकल हिंदू समाज संयोजक मुकेश नामदेव, सचिव मनीष डोंगरे, मोंटू कौरी, मनोहर वैरागी, रमेश मालवीय, अचल किरार, अमरचंद कुशवाहा, शुभम कुशवाहा सहित सकल हिंदू समाज के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण आत्मीय एवं सम्मानपूर्ण रहा।


