

आष्टा। अंचल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते उत्पन्न हुई जलभराव की स्थिति और नागरिक समस्याओं को देखते हुए आज नगरपालिका कार्यालय में एक महत्वपूर्ण आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा की अध्यक्षता एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुई। इस दौरान नगर के विभिन्न वार्डों के पार्षदगण और स्वच्छता टीम के सभी प्रमुख व जमादार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।कच्चे-जीर्णशीर्ण मकानों और जलभराव क्षेत्रों को चिन्हित करने के निर्देश –

बैठक के दौरान नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने कहा कि भारी बारिश के कारण नागरिकों की सुरक्षा सर्वाेपरि है। उन्होंने सभी जमादारों को निर्देशित करते हुए कहा सभी जमादार तत्काल अपने-अपने वार्डों का मुआयना करें। जहां भी जल भराव की स्थिति बन रही है, उसे दुरुस्त करें। साथ ही वार्डों में मौजूद कच्चे और जीर्ण-शीर्ण मकानों का चिन्हांकन कर उनके मकान मालिकों को तुरंत सूचित किया जाए। उन्हें इस मौसम में सतर्कता और सावधानी बरतने हेतु समझाईश दें ताकि किसी भी

अप्रिय घटना को रोका जा सके।लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गलती नहीं सुधारी तो होंगे बर्खास्त – मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति ने बैठक में बेहद कड़ा रुख अपनाते हुए अधीनस्थ सफाई अमले को सख्त लहजे में हिदायत दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में नगर सहित पूरे क्षेत्र में अत्यधिक बारिश हो रही है, जिससे नागरिकों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे संकट के समय नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निदान होना चाहिए। नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में

यदि किसी भी कर्मचारी द्वारा लापरवाही बरती गई, तो वह कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और न ही क्षम्य होगी। नगर में जहां भी जल भराव जैसी समस्या है, उसे तत्काल चिन्हित कर व्यवस्थित करें। इसके अलावा नगर में जो भी रिक्त प्लॉट हैं, उनके मालिकों को सूचित कर वहां जलजमाव और गंदगी की समस्या का तुरंत निदान करवाएं।बैठक में ही थमाए श्कारण बताओ नोटिस – सख्ती दिखाते हुए सीएमओ श्री प्रजापति ने

कार्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले कुछ कर्मचारियों को बैठक के दौरान ही कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। उन्होंने साफ तौर पर सचैत किया कि यदि समय रहते कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया गया और लापरवाही का सिलसिला जारी रहा, तो संबंधित कर्मचारियों को कार्य से बर्खास्त करने की वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। बैठक में पार्षद रवि शर्मा, तेजसिंह राठौर, मेहमूद अंसारी, स्वच्छता पर्यवेक्षक विनोद सांगते, उपपर्यवेक्षक मनोज घेंघट, दरोगा राजेश घेंघट, अमरदीप सांगते सहित जमादारगण मौजूद थे।

सीहोर के थाना सिद्दीकगंज क्षेत्र में मोटर साईकिल ट्रैक्टर से टकरा जाने के कारण 3 व्यक्ति गंभीर रूप से हुए घायल, डायल-112 जवानों ने पहुँचाया अस्पताल। सीहोर जिले के थाना सिद्दीकगंज क्षेत्र में धर्मपुरी जोड़ के पास मोटर साईकिल अनियंत्रित होकर ट्रेक्टर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 03 व्यक्ति घायल हो गये हैं, पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में दिनांक 06 /07/2026 को रात्रि 09:21 प्राप्त हुई।

सूचना प्राप्ति पर तत्काल थाना सिद्दीकगंज में तैनात डायल-112 वाहन को मदद के लिए रवाना किया गया। डायल-112 स्टाफ आरक्षक जीतेन्द्र मीणा और पायलट शुभम वर्मा ने तत्परता से मौके पर पहुँचकर बताया कि मोटर साईकिल के अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से टकरा जाने से 03 लोग घायल हो गये थे, डायल-112 जवानों ने त्वरित कार्यवाही करते हुए सभी घायलों को एफआरव्ही वाहन की मदद से तत्काल नजदीकी अस्पताल वेदांश केयर में भर्ती कराया।

