

आष्टा। प्रदेश सरकार द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए प्रारंभ की गई मुख्यमंत्री सुगम बस परिवहन सेवा का लाभ आष्टा नगर के यात्रियों को भी मिले, इसके लिए बसों का आष्टा में स्टॉपेज निर्धारित किए जाने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में भाजपा के पूर्व जिला मीडिया प्रभारी सुशील संचेती ने आष्टा विधायक श्री गोपालसिंह इंजीनियर को एक पत्र सौंपकर मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा के अंतर्गत संचालित बसों का आष्टा में स्टॉप की व्यवस्था कराने का आग्रह किया है।

इस पर विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर इस समस्या से अवगत कराने तथा आष्टा में बसों का स्टॉपेज सुनिश्चित कराने के लिए पहल करने की बात कही है।सुशील संचेती ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि प्रदेश सरकार द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा शुरू की गई है। इसके अंतर्गत उज्जैन से भोपाल, भोपाल से उज्जैन, इंदौर से भोपाल तथा भोपाल से इंदौर के बीच बसों का संचालन किया जा रहा है।

इन मार्गों पर आष्टा नगर बीच में स्थित होने के बावजूद बसें यहां नहीं रुकतीं। इसके कारण आष्टा के यात्रियों को सरकार की इस सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।पत्र में बताया गया है कि आष्टा एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का भोपाल, इंदौर और उज्जैन आना-जाना होता है। ऐसे में इन मार्गों पर संचालित मुख्यमंत्री सुगम बस परिवहन सेवा की बसों का आष्टा में स्टॉपेज नहीं होने से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है ।


