

आष्टा। भारतीय संस्कृति में गौ माता को श्रद्धा, आस्था और सेवा का प्रतीक माना गया है। शास्त्रों में गौ माता को समस्त देवी-देवताओं का निवास स्थान बताया गया है तथा गौसेवा को पुण्यदायी एवं कल्याणकारी कार्य माना गया है। इसी पावन भावना को आत्मसात करते हुए आष्टा नगर की प्राचीन मां पार्वती धाम गौशाला में सकल हिंदू समाज के पूर्व अध्यक्ष श्री अनिल श्रीवास्तव के सुपुत्र कान्हा श्रीवास्तव ने अपना जन्मदिन गौ माताओं की सेवा एवं पूजन-अर्चना के साथ बड़े श्रद्धाभाव से मनाया।

जन्मदिन के अवसर पर कान्हा श्रीवास्तव ने अपने परिवारजनों एवं मित्रों के साथ गौशाला पहुंचकर गौ माताओं को गो-ग्रास खिलाया, उनकी पूजा-अर्चना की तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने गौसेवा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए गौशाला समिति को ₹2100/- की दान राशि गौ माताओं के आहार एवं गौशाला निर्माण कार्य हेतु प्रदान की। यह राशि गौशाला कोषाध्यक्ष संजय सुराणा को भेंट की गई।कार्यक्रम के दौरान समाजसेवा एवं गौसेवा की एक और प्रेरणादायी मिसाल देखने को मिली,

जब ताम्रकार समाज महिला मंडल की मातृशक्ति गौशाला पहुंची। महिला मंडल की सदस्यों ने अपने शुभ हाथों से गौ माताओं को हरी सब्जियां, सुदाना पशु आहार एवं हरी चरी खिलाकर गौसेवा की। साथ ही गौशाला परिसर में मंगल गीत एवं भजनों का मधुर गायन कर भक्तिमय वातावरण का निर्माण किया। महिला मंडल द्वारा गौशाला समिति को ₹1000/- की दान राशि भी प्रदान की गई, जिससे गौशाला के संचालन एवं सेवा कार्यों को और अधिक मजबूती मिलेगी।इस अवसर पर मां पार्वती धाम गौशाला समिति अध्यक्ष नरेंद्र कुशवाहा ने कान्हा श्रीवास्तव का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत एवं

सम्मान किया तथा उन्हें जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। श्री कुशवाहा ने कहा कि आज के समय में युवा पीढ़ी यदि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को गौसेवा, धर्म एवं समाजहित के कार्यों से जोड़ती है तो यह समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायी संदेश है। गौ माता की सेवा भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और ऐसे आयोजन समाज में सेवा, संस्कार एवं धर्म के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य करते हैं।श्री कुशवाहा ने श्रीवास्तव परिवार द्वारा गौशाला के प्रति प्रदर्शित सेवा भाव की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

साथ ही ताम्रकार समाज महिला मंडल की मातृशक्ति को गौसेवा, भजन-कीर्तन एवं सहयोग राशि के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि गौशाला के संचालन में समाज के सभी वर्गों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। समाज के सहयोग, दानदाताओं की उदारता एवं गौसेवकों के समर्पण से ही मां पार्वती धाम गौशाला में गौ माताओं की सेवा, उपचार एवं आहार की व्यवस्थाएं निरंतर संचालित हो रही हैं।कार्यक्रम का समापन गौ माता की जयकारों एवं गौसेवा के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने गौ माता का आशीर्वाद प्राप्त कर कान्हा श्रीवास्तव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा गौसेवा के इस पुनीत कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

