
सीहोर, 21 मई, 2026
सेना भर्ती कार्यालय भोपाल द्वारा भर्ती वर्ष 2026-27 के लिए अग्निवीर भर्ती रैली संबंधी सूचना जारी की गई है। भारतीय सेना में भर्ती के लिए पंजीकरण कराने वाले अभ्यर्थियों की ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) 01 जून 2026 से 12 जून 2026 तक भोपाल के दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रतिदिन चार शिफ्टों में होगी।

सेना भर्ती कार्यालय भोपाल से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बार अग्निवीर क्लर्क एवं स्टोर कीपर टेक्निकल पदों के अभ्यर्थियों का टाइपिंग टेस्ट भी ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर लिया जाएगा। ऑनलाइन परीक्षा के लिए आईऑन डिजिटल जोन आईडीजेड प्रेस्टिज, रायसेन रोड तथा आईऑन डिजिटल जोन आईडीजेड आरजीपीवीएम, सांखेड़ी, कोलार रोड को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड पर दिए गए सभी निर्देशों का पालन करने तथा समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है। साथ ही सभी अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट साथ रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय भोपाल के दूरभाष नंबर 0755-2540954 एवं 9039018588 पर संपर्क कर सकते हैं। सेना भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि भारतीय सेना में चयन पूरी तरह पारदर्शी एवं योग्यता आधारित होता है तथा अभ्यर्थी किसी भी दलाल या प्रलोभन से सावधान रहें।

