

खाद, बिजली, बीमा एवं राजस्व संबंधी समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा, किसानों के हित में अधिकारियों से प्रभावी कार्रवाई की मांग। आष्टा। भारतीय किसान संघ तहसील आष्टा, जिला सीहोर की मासिक बैठक आज कृषि उपज मंडी आष्टा के बैठक कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के किसानों की विभिन्न समस्याओं एवं संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्य रूप से खाद, बिजली, फसल बीमा एवं राजस्व विभाग से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।

बैठक में बिजली विभाग से मांग की गई कि किसानों को नियमित एवं निर्बाध रूप से प्रतिदिन 10 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जले हुए ट्रांसफार्मरों को निर्धारित 48 घंटे के भीतर बदला जाए। किसानों के विद्युत कनेक्शनों में अनावश्यक भार वृद्धि नहीं की जाए तथा जिन किसानों के कनेक्शनों में पहले से भार वृद्धि की गई है, उनकी जांच कर अनुचित भार वृद्धि समाप्त की जाए। इसी प्रकार खाद की समस्या पर चर्चा करते हुए मांग की गई कि तहसील की सभी सहकारी समितियों में नियमित रूप से पर्याप्त मात्रा में खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। निजी खाद विक्रेताओं द्वारा किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद उचित मूल्य पर उपलब्ध कराया जाए।

कोई भी व्यापारी निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद का विक्रय नहीं करे। इसके लिए प्रशासन द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि किसानों को खाद के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। 17 नवंबर को खामखेड़ा बैजनाथ में होगा गोपाष्टमी एवं गौमाता पूजन कार्यक्रम- बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों के अंतर्गत आगामी 17 नवंबर 2026 को ग्राम खामखेड़ा बैजनाथ में गोपाष्टमी के पावन अवसर पर गौमाता पूजन कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस कार्यक्रम में तहसील क्षेत्र के समस्त कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं किसान भाइयों को सादर आमंत्रित किया गया है।

अगले माह से चलाया जाएगा सदस्यता अभियान- बैठक में संगठन के विस्तार एवं मजबूती को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। आगामी माह से तहसील क्षेत्र में व्यापक सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके अंतर्गत अधिक से अधिक गांवों तक भारतीय किसान संघ की पहुंच बनाई जाएगी तथा बड़ी संख्या में किसानों को संगठन से जोड़कर सदस्यता दिलाई जाएगी। संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर किसानों को भारतीय किसान संघ की रीति-नीति, कार्यपद्धति एवं किसान हितों के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी देंगे। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान संगठन की प्राथमिकता है। किसान हितों से जुड़े प्रत्येक विषय को संबंधित विभागों एवं प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा।

ये रहे उपस्थित- बैठक में मुख्य रूप से भारतीय किसान संघ जिला सीहोर के जिला अध्यक्ष राकेश वर्मा, तहसील अध्यक्ष जितेंद्र आर्य, कोषाध्यक्ष ज्ञान सिंह वर्मा, जिला पशु आयाम प्रमुख मोतीलाल मंडलोई, जिला कार्यकारिणी सदस्य ज्ञान सिंह मेवाड़ा, ईश्वरलाल आर्य, तहसील कार्यकारिणी सदस्य सरदार सिंह राजपूत, विनोद आर्य, धर्म सिंह जी, संतोष आर्य, दिनेश आर्य, विजेंद्र सिंह ठाकुर, भगत जी, अमर सिंह राजपूत, ज्ञान सिंह डाबड़ी, बाबूलाल आर्य सहित अनेक किसान कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।


