
श्रावण मास में पशुपतिनाथ संगम मंदिर पर प्रतिदिन अभिषेक, शुभम निखिल, कुशवाहा द्वारा भगवान पशुपतिनाथ का विशेष श्रृंगार एवं पूजा-अर्चना

आष्टा। श्रावण मास के पवित्र अवसर पर पशुपतिनाथ संगम मंदिर में प्रतिदिन भगवान पशुपतिनाथ का मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक अभिषेक किया जा रहा है। भगवान पशुपतिनाथ का दूध, दही, घी, शहद, शक्कर एवं पवित्र जल से अभिषेक कर श्रद्धालुओं द्वारा भगवान भोलेनाथ की आराधना की जा रही है।गुरुवार को भी मंदिर में विधि-विधान के साथ भगवान पशुपतिनाथ का अभिषेक संपन्न हुआ। अभिषेक के उपरांत शुभम निखिल कुशवाहा द्वारा भगवान पशुपतिनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया तथा पूजा-अर्चना एवं आरती संपन्न की गई।

इस धार्मिक आयोजन में सकल हिंदू समाज अध्यक्ष नरेंद्र कुशवाहा, पूर्व पार्षद, अखिल भारतीय कुशवाहा महिला महासभा की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती गीता नरेंद्र कुशवाहा, स्नेहा कुशवाहा, अनमोल कुशवाहा एवं राज कुशवाहा ने भी भगवान पशुपतिनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना में सहभागिता की।इस अवसर पर सकल हिंदू समाज अध्यक्ष नरेंद्र कुशवाहा ने भगवान भोलेनाथ एवं पशुपतिनाथ की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का पावन पर्व है। इस माह में भगवान शिव का अभिषेक, पूजन एवं आराधना करने से मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से श्रावण मास में धार्मिक आयोजनों में सहभागिता कर भगवान शिव की भक्ति एवं सनातन संस्कृति से जुड़ने का आह्वान किया।नरेंद्र कुशवाहा ने शुभम निखिल कुशवाहा की धार्मिक गतिविधियों के प्रति लगन एवं श्रद्धा की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी का इस प्रकार नियमित रूप से भगवान शिव की पूजा-अर्चना, अभिषेक एवं श्रृंगार जैसे धार्मिक कार्यों में सक्रिय सहभागिता करना सराहनीय है। इससे युवाओं में संस्कार, संस्कृति और धर्म के प्रति आस्था मजबूत होती है तथा अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिलती है।अभिषेक एवं आरती के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान पशुपतिनाथ से नगर एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा सर्वकल्याण की कामना की।


