

पुलिस अधीक्षक सीहोर श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीहोर डॉ. प्रशांत चौबे एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बुदनी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में थाना बुदनी पुलिस द्वारा ब्लाइंड तिहरे हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की गई है । घटना का विवरण- दिनांक 18.11.2026 को प्रातः लगभग 07:55 बजे वार्ड क्रमांक 12, कोरी मोहल्ला बुदनी निवासी हेमराज मेहरा पिता घनराज मेहरा (उम्र 20 वर्ष) अपने घर के बाहर मंजन कर रहा था,

तभी पड़ोसी राकेश मीणा के घर के अंदर से बकरियों के चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं। पड़ोस में रहने वाली नेहा कुशवाह के कहने पर जब हेमराज ने घर के भीतर जाकर देखा, तो गैलरी में खून फैला हुआ था। अंदर देखने पर राकेश मीणा पिता श्यामलाल मीणा (उम्र 47 वर्ष), उनकी पत्नी राधा मीणा (उम्र 45 वर्ष) एवं पुत्र अश्विन मीणा (उम्र 18 वर्ष) मृत अवस्था में पड़े मिले। तीनों मृतकों के सिर पर किसी ठोस हथियार से गंभीर चोटें मारकर हत्या की गई थी। सूचनाकर्ता हेमराज मेहरा द्वारा तत्काल डायल-112 पर पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

पुलिस कार्यवाही– सूचना प्राप्त होते ही एसडीओपी बुदनी रवि शर्मा , थाना प्रभारी बुदनी निरीक्षक सुनील ठाकुर पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर देहाती नालसी लेखबद्ध कर थाना बुदनी में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 506/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री डॉ प्रशांत चौबे द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर विशेष टीमों का गठन किया गया ।

घटनास्थल पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट , डॉग स्क्वायड द्वारा भी साक्ष्य संकलित किए गए । पुलिस टीम द्वारा अथक प्रयास कर मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों की मदद से त्वरित पतारसी करते हुए दो आरोपियो को गिरफ्तार किया गया।घटना का कारण- प्रकरण की विवेचना में यह तथ्य प्रकाश में आया कि आरोपी जगदीश ने मृतक राकेश से लगभग दो लाख रुपए उधार लिए थे, जिन पर ब्याज सहित रुपए लौटाने थे , साथ ही पैसा जमा करने तक जगदीश की फसल में से भी हिस्सा लेने की बात सामने आई , इसलिए जगदीश ने अपने साथी अनिल के साथ उसे कुछ पैसों का लालच देकर राकेश के पूरे परिवार को मारने की योजना बनाई ताकि उसे उधारी का पैसा नहीं देना पड़े ।

अतः दोनों आरोपियों ने 16 नवंबर की रात करीब 11-12 बजे के बीच राकेश के घर जाकर उससे कुछ बात करने के लिए दरवाजा खुलवाया और अपने साथ ले जाई गई कुल्हाड़ी से तीनों के सिर पर वार कर हत्या कर दी तथा साक्ष्य छुपाने के लिए मृतक के मोबाइल को टॉयलेट में डाल कर पानी डाल दिया ।
पुलिस ने आरोपियों की निशादेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को जब्त किया है ।
आरोपियो के नाम
- जगदीश पिता अकलसिंह भिलाला उम्र करीब 40 साल निवासी ग्राम यारनगर थाना बुदनी
- अनिल पिता अमनसिंह भिलाला उम्र करीब 20 साल निवासी ग्राम खांडाबड़ थाना बुदनी
सराहनीय भूमिका

उक्त कार्यवाही में रवि शर्मा एसडीओपी बुधनी, सुनील ठाकुर थाना प्रभारी बुधनी, दिनेश चौहान थाना प्रभारी शाहगंज उनि. संदीप जाट, राजेश मालवीय, स.उ.नि अशोक कुमार कटारिया, प्रधान आरक्षक अजय, सतीश रणवीर, हरि सिंह गठोले, घनश्याम दमाडे , देवेंद्र तिवारी, प्रेम नारायण जाट, दिनेश जाट, छगन मालवीय ,आरक्षक सोनू चौहान, हर्षित मालवीय, संतोष, अनुज यादव, महेश राजपूत, अनुरोध पटेल सैनिक चरण , ब्रजलाल झारवड़े साथ ही साइबर सेल से सतीश साल्वे और शैलेंद्र की सराहनीय भूमिका रही।