
आष्टा- नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान डिवाइन पब्लिक हाई स्कूल (शांति नगर, वार्ड नंबर 15) में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, धूमधाम और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसके बाद संपूर्ण परिसर राष्ट्रीय गान और गगनभेदी देशभक्ति नारों से गूंज उठा। इस राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर पूरा विद्यालय प्रांगण देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के डायरेक्टर सर, डायरेक्टर मैम, प्रिंसिपल सर एवं समस्त स्टाफ गरिमामय रूप से उपस्थित रहे।

*नगर में निकाली गई भव्य देशभक्ति रैली-* समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा विद्यालय समीप के प्रमुख मार्गों से एक भव्य और विशाल देशभक्ति रैली निकाली गई। बच्चों के हाथों में लहराता तिरंगा और उनके उत्साह को देखकर हर किसी का दिल गदगद हो गया। बच्चों द्वारा लगाए गए ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के उद्घोष से रैली गूंज उठी।

*नन्हे स्वतंत्रता सेनानियों ने मोहा सबका मन-* समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण छोटे-छोटे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियां रहीं। नन्हे-मुन्ने बच्चे देश के महान शहीदों और आदर्श विभूतियों के स्वरूप में मंच पर उतरे झांसी की रानी लक्ष्मीबाई हाथ में तलवार लिए रणचंडी का रूप धरे बच्ची ने सबका ध्यान खींचा। वहीं शहीद भगत सिंह ने विद्यार्थी ने पगड़ी और तेवर के साथ ‘इंकलाब जिंदाबाद’ का नारा बुलंद किया। वहीं शांति का संदेश देने वाली मदर टेरेसा और देश की रीढ़ व सुरक्षा के प्रतीक किसान व सैनिक की वेशभूषा में सजे बच्चों ने सुंदर झांकियां पेश कर सबका मन मोह लिया।

*सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नाटकों की रही धूम-* छात्र-छात्राओं द्वारा कई रंगारंग और प्रेरणादायक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। देशभक्ति गीतों पर आधारित शानदार सामूहिक नृत्यों ने दर्शकों में नया जोश भर दिया। इसके साथ ही, महिला सशक्तिकरण पर आधारित नाटक ने युवा पीढ़ी को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया, जबकि सामाजिक संदेशों पर केंद्रित नाटकों ने सभी को भावुक और प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान स्कूल कैबिनेट ने भी अपनी जिम्मेदारियों की कमान संभालते हुए कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

*अतिथियों ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह-* समारोह के अंत में संस्था के डायरेक्टर सर और प्रिंसिपल सर ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों की बेहतरीन प्रस्तुतियों और रैली के अनुशासित आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में देशप्रेम, अनुशासन और संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होती है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और मिष्ठान वितरण के साथ हुआ।

विद्यालय परिवार की ओर से देशवासियों, प्रदेशवासियों, समस्त नगरवासियों और बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गई हैं।
*इसी के साथ विद्यालय परिवार की ओर से स्वतंत्रता दिवस पर समर्पित विशेष पंक्तियाँ:-*
आज़ादी की आन बान पर, सर्वस्व लुटाया करते हैं,
हम भारत माँ के बेटे हैं, जो फर्ज निभाया करते हैं।
तिरंगे की इस शान पे हमको, जान से बढ़कर प्यार है,
इस पावन धरती पर यारों, हर दिन ही त्योहार है!