कलेक्टर ने की जिले में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा विकास एवं निर्माण कार्यों में कोताही बर्दाश्त नहीं – कलेक्टर

सीहोर, 07 अप्रैल, 2026 कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में निर्माण विभागों की बैठक आयोजित कर जिले में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने सभी संबंधित अधिकारियों को जिले में चल रहे सभी निर्माण एवं विकास कार्यों में तेजी लाते हुए समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने मैदानी अमले को लक्ष्य देकर उसके अनुरूप कार्य को पूर्ण कराए। इसके साथ ही सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव ने भी संबंधित अधिकारियों आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विकास एवं निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नही की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी कार्यो की मॉनिटरिंग करें और कार्यों को जल्द से जल्द से पूर्ण कराएं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी कार्य के लिए उतनी ही समय सीमा बताई जाए जितने समय मे वह कार्य पूर्ण हो सके। बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने आवागमन को सुगम बनाए रखने के लिए लोक निर्माण विभाग को सभी सड़कों एवं पुलों के निर्माण कार्यों को पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि अतिक्रमण के कारण यदि कही सड़क निर्माण कार्य में दिक्कत आती है, तो वहां त्वरित कार्यवाही करते हुए अतिक्रमण को हटाया जाए और निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को किसी तरह की परेशानी न हो। बैठक में विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि लोक निर्माण विभाग संभाग सीहोर द्वारा कुल 67 कार्य पूर्ण किए गए हैं तथा 51 प्रगतिरत है। इसी प्रकार ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग सीहोर द्वारा 38 कार्य पूर्ण किए गए हैं तथा 36 प्रगतिरत हैं। लोक निर्माण विभाग भवन संभाग सीहोर द्वारा 17 कार्य पूर्ण एवं 23 प्रगतिरत हैं। जिला शिक्षा केंद्र सीहोर के अंतर्गत 104 कार्य प्रगतिरत हैं। इसके अलावा अन्य विभागों जैसे जल संसाधन, सेतु निर्माण, म.प्र. सड़क विकास निगम, पर्यटन विभाग एवं नर्मदा घाटी विकास विभाग में भी विभिन्न स्तरों पर कार्य प्रगति पर हैं। बैठक में लोक निमार्ण विेभाग, जल संसाधन, मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल निगम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, मध्यप्रदेश भवन विकास निगम, शिक्षा विभाग, सेतु निर्माण, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, नर्मदा घाटी विकास प्रा‍धिकरण सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top