

आष्टा, 19 अगस्त: जिले में संचालित रीडिंग कैंपेन 2026 “मेरे शब्द, मेरी कहानी” के अंतर्गत मंगलवार को आष्टा विकासखंड में चलित पुस्तकालय यानी रीडिंग वैन के जरिए पठन और कहानी वाचन गतिविधियों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सांदीपनी हायर सेकेंडरी स्कूल आष्टा और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटरी में हुआ।

माननीय कलेक्टर महोदय सीहोर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सीहोर के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत डालने के साथ शिक्षकों और अभिभावकों के बीच भी पठन संस्कृति को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम की मुख्य बातें:
- अवलोकन: आष्टा विकास स्रोत समन्वयक श्री अजब सिंह राजपूत ने बच्चों और शिक्षकों के साथ रीडिंग वैन का अवलोकन किया और अभियान की गतिविधियों की जानकारी ली।
- उद्बोधन: श्री राजपूत ने कहा कि “रीडिंग कैंपेन 2026 – मेरे शब्द, मेरी कहानी” सिर्फ पढ़ने की क्षमता बढ़ाने का अभियान नहीं है। यह बच्चों को सोचने, समझने और आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने के लिए प्रेरित करने वाला जनआंदोलन है। आष्टा विकासखंड में यह अभियान विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को एक साझा मंच देगा जहां सभी मिलकर सीखने का माहौल बेहतर बना सकेंगे।

- पुस्तकों की पहुंच: उन्होंने बताया कि रीडिंग वैन से बच्चों को विविध पुस्तकें मिलेंगी। इससे भाषा दक्षता, रचनात्मकता और ज्ञान में बढ़ोतरी होगी। शिक्षक कहानी, चर्चा और पठन आधारित गतिविधियों से बच्चों को सीखने के नए अवसर दे सकेंगे। अभिभावकों में भी बच्चों के साथ पढ़ने की जागरूकता बढ़ेगी जिससे घर और स्कूल दोनों जगह सकारात्मक शैक्षणिक माहौल बनेगा।
- शिक्षकों से आग्रह: श्री राजपूत ने शिक्षकों से कहा कि कहानी सुनाने को केवल प्रश्नोत्तर तक सीमित न रखें। बच्चों को अपने विचार रखने, कल्पना करने और खुद की कहानियां लिखने के लिए प्रोत्साहित करें। इससे अभिव्यक्ति कौशल, आलोचनात्मक चिंतन और आत्मविश्वास विकसित होगा।

उपस्थिति: कार्यक्रम में सांदीपनी विद्यालय के प्राचार्य सितवत खान, कोटरी स्कूल की प्राचार्या श्रीमती एलमडा तिर्की, मिशन अंकुर से श्री एस. स्वर्णकार, जनशिक्षक श्री अके सिंह ठाकुर, श्री गजराज सिंह राजपूत ,ज्ञान सिंह मेवाड़ा, लखन लाल जोमर, सहित विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने कहानी वाचन और पठन गतिविधियों में उत्साह से भाग लिया। रीडिंग कैंपेन 2026 के तहत चलाया जा रहा यह जनजागरूकता अभियान आष्टा विकासखंड में पठन संस्कृति को मजबूत करेगा और छात्रों, शिक्षकों व अभिभावकों को सीखने की प्रक्रिया से अधिक प्रभावी तरीके से जोड़ेगा।

आवारा मवेशियों के खिलाफ नगर पालिका का बड़ा अभियान, 50 आवारा पशु गौशाला भेजे गए, खुले में पशु छोड़ने वालों पर होगी दंडात्मक कार्रवाई

आष्टा। नगर में लगातार बढ़ रही आवारा मवेशियों की समस्या और उससे प्रभावित हो रही यातायात व्यवस्था को सुगम व सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी विनोद कुमार प्रजापति के निर्देशन में नगर पालिका टीम द्वारा आवारा मवेशियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। दो दिवसीय अभियान में 50 गोवंश पकड़ाया – सीएमओ विनोद कुमार प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर में नागरिकों की सुरक्षा और सुगम आवागमन को प्राथमिकता देते हुए यह मुहिम शुरू की गई है।

हाल ही में चलाए गए दो दिवसीय विशेष अभियान के दौरान नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों से लगभग 50 आवारा गोवंश को सुरक्षित रूप से पकड़ा गया। तत्पश्चात इन सभी मवेशियों को ट्रकों के माध्यम से गोपालपुर स्थित गौशाला में सुरक्षित पहुंचा दिया गया है। पूर्व में भी 60 मवेशियों को भेजा गया था दास्ताखेड़ी गौशाला – आवारा पशुओं के खिलाफ यह कार्रवाई निरंतर जारी है। इससे पूर्व चलाए गए प्रथम चरण के अभियान के तहत भी नगर पालिका टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए करीब 60 आवारा मवेशियों को पकड़ा था।

जिन्हें संत गोविंद जाने के आश्रम दास्ताखेड़ी स्थित गौशाला में ट्रकों के जरिए छुड़वाया गया था। नगर पालिका की इस त्वरित कार्रवाई से शहर की सड़कों पर आवारा पशुओं के जमावड़े में कमी देखने को मिल रही है। पशुपालकों को चेतावनी – खुले में मवेशी छोड़े तो होगी सख्त कार्रवाई- मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री प्रजापति ने नगरवासियों और विशेष रूप से पशुपालकों से जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में हिदायत दी है कि कोई भी पशुपालक अपने मवेशियों को सड़कों या सार्वजनिक स्थानों पर खुला न छोड़ें।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इसके बावजूद भी मवेशी सड़कों पर आवारा विचरण करते पाए गए, तो उन्हें पकड़कर सीधे गौशाला भेज दिया जाएगा। इसके साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वाले संबंधित पशुपालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त दंडात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। नगर पालिका की इस कार्रवाई से वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली है। इस अभियान मे स्वच्छता प्रभारी विनोद सांगते, जमादार पप्पू खरे, दीपक सांगते सहित अन्य सफाई मित्र शामिल रहे।
