सेवानिवृत्ति पर सम्मान समारोह- 29 वर्षों की सेवा के बाद शिक्षिका श्रीमती निशा नरवरिया का हुआ सम्मान, सकल हिन्दू समाज ने किया सम्मानित

आष्टा, 25 अप्रैल शनिवार को पुष्पा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, आष्टा की वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती निशा नरवरिया के 29 वर्षों की गौरवशाली सेवा पूर्ण होने पर सेवानिवृत्ति अवसर पर भव्य विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह समारोह सकल हिन्दू समाज, आष्टा द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें समाज के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर श्रीमती नरवरिया का शॉल-श्रीफल एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मान किया गया।

स्कूल विद्यार्थियों ने भावुक होकर अपनी प्रिय शिक्षिका को कार्ड एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर विदाई दी। अपने उद्बोधन में श्रीमती निशा नरवरिया ने कहा कि उन्होंने सदैव शिक्षा के महत्व को प्राथमिकता दी और विद्यार्थियों को संस्कारों के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। विद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि श्रीमती नरवरिया ने अपने 29 वर्षों के कार्यकाल में हजारों विद्यार्थियों का भविष्य संवारने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिसे सदैव याद किया जाएगा।

सकल हिन्दू समाज अध्यक्ष नरेंद्र कुशवाहा (पूर्व पार्षद) ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्रीमती निशा नरवरिया जैसी समर्पित शिक्षिकाएं समाज के लिए प्रेरणास्रोत होती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान देने का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार निर्माण की आधारशिला है। संयोजक मुकेश नामदेव ने कहा कि श्रीमती नरवरिया ने शिक्षा क्षेत्र में जो योगदान दिया है, वह समाज के लिए अमूल्य है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा रहेगा।
सचिव मनीष डोंगरे ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक समाज के निर्माता होते हैं और श्रीमती नरवरिया ने अपने कर्तव्य का निर्वहन पूर्ण समर्पण के साथ किया है।

देवकरण मालवीय (पहलवान) ने कहा कि शिक्षा और संस्कारों का संगम ही एक सशक्त समाज का निर्माण करता है, और श्रीमती नरवरिया ने अपने जीवन में इस आदर्श को साकार किया है।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती निशा नरवरिया ने अपनी धार्मिक आस्था व्यक्त करते हुए मां पार्वती धाम गौशाला के लिए गौमाताओं के आहार हेतु ₹1100 की दान राशि प्रदान की। इस पुण्य कार्य के लिए गौशाला समिति अध्यक्ष नरेंद्र कुशवाहा ने उनका आभार व्यक्त किया। समारोह में पार्षद सुभाष नामदेव, अचल सिंह किरार, मदन लाल कौरी, शुभम कुशवाहा, जितेन्द्र चौहान सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। गरिमामय कार्यक्रम का संचालन कौरी समाज अध्यक्ष मोंटू कौरी ने किया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top