
updatenews247.com धंनजय जाट आष्टा 7746898041- नगर के सांदीपनि (सी.एम. राइज़) शासकीय उमावि आष्टा में पांच दिवसीय कॅरियर मेला एवं कॅरियर काउसलिंग का आयोजन किया गया। सी.एम.राइज़ विद्यालय के प्राचार्य सितवत खान ने बताया कि लोक शिक्षण संचालनालय म.प्र. भोपाल द्वारा कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए यह आयोजन था। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को विषय चयन में सहायता करना और विभिन्न कॅरियर अवसरों की जानकारी देना था। प्रथम दिवस तहसीलदार रामलाल पगारे ने कॅरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का शुभारंभ किया और

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में अनुशासन का बहुत महत्व है। विद्यार्थी शिक्षकों की बातों पर ध्यान दें तो वो सही दिशा में जा सकते है। वर्तमान युग प्रतियोगिता का युग है जो विद्यार्थी लक्ष्य निर्धारित कर उस दिशा में पूरे मनोयोग से प्रयास करेगा उसकों सफलता अवश्य प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी मोबाइल का उपयोग केवल अध्ययन के लिए ही करें अन्यथा मोबाइल के दुरूपयोग से उनका भविष्य अंधकारमय हो सकता है। विद्यार्थियों ने मेडिकल सांइस, इंजीनियरिंग, कॉमर्शियल पॉयलेट, वैज्ञानिक, प्रबंधन, कानून, कृषि, प्रशासनिक सेवाएं आदि से संबंधित प्रश्न किए।

जिनका उत्तर तहसीलदार द्वारा दिया गया। द्वितीय दिवस प्रो. राकेश सोलंकी कॅरियर काउंसलिंग हेतु उपस्थित हुए और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपकी दृढ़इच्छाशक्ति के सामने विपरीत परिस्थितियां भी अवसर बन जाती है और कठिन परिश्रम करके लक्ष्य प्राप्त कर सकते है। उन्होंने कहा कि वो स्वयं ग्रामीण और हिन्दी माध्यम के परिवेश से आएं है, लेकिन अंग्रेजी में प्रारंभिक स्तर पर कमजोर होने के बाद भी अंग्रेजी की कई कठिन परीक्षाएं पास कर ली। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अपनी रूचि के अनुसार ही विषय और कॅरियर का चयन करें।

तृतीय दिवस डी.एस.पी. के पद पर चयनित जितेन्द्र बघेल ने विद्यार्थियों से कहा कि समय का सदुपयोग करें और शिक्षकों के मार्गदर्शन में आप अपना जीवन और कॅरियर सफल बना सकते है। सहकारिता अधिकारी के पद चयनित उत्तम कलमोदिया ने कहा कि गणित विषय का बहुत महत्व है, इससे न केवल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में कॅरियर बनाया जा सकता है, बल्कि प्रशासनिक और बैंकिंग आदि क्षेत्रों में भी बहुत अच्छे कॅरियर विकल्प है। डॉ. गोपाल सिंह ठाकुर ने बताया कि निरंतर अभ्यास करते हुए आप वांछित परिणाम प्राप्त कर सकते है।
चतुर्थ दिवस डॉ. जितेन्द्र आर्य सहायक प्राध्यापक ने बताया कि आप परिस्थितियों के गुलाम नही है बल्कि विषम परिस्थितियों में भी आप आत्म विश्वास के साथ परिश्रम करते है, तो सफलता मिलना तय है।

उन्होंने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में विभिन्न कौर्सो में प्रवेश की जानकारी दी। प्रतिभा एज्यूकेशन फाउंडेशन के डायरेक्टर डॉ. शैलेन्द्र राजपूत ने बताया कि यदि आपमें प्रतिभा है, तो आर्थिक कठिनाइयां महत्वहीन है और शासन एवं स्वयं सेवी संगठन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सहयोग करते है। कॅरियर काउंसलिंग के अंतिम दिवस क्षेत्र के प्रसिद्ध ह्रदय रोग विशेषज्ञ डॉ. हीरा दलोद्रिया ने शिक्षकों का आव्हान किया कि शिक्षक अभी से विद्यार्थियों को प्रतियोगिता की तैयारी करवाएं जिससे विद्यार्थियों को बड़े शहरों में कोचिंग करने नही जाना पड़े। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में अघ्ययन करना कभी न छोड़े और कहा कि वो इलाज करने के साथ साथ नियमित रूप से छः घंटे अध्ययन करते है।

म.प्र. एम.बी.बी.एस. टॉपर डॉ. मेहर अजहर ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वो सोशल मीडिया के दुरूपयोग से बचें और अनुशासन में रहते हुए अपना कॅरियर बनाएं। सी.एम. राइज़ विद्यालय के पूर्व छात्र मो. उरूज अली खान जो कि वर्तमान में गांधी मेडिकल कॉलेज भोपाल में एम.बी.बी.एस. तृतीय वर्ष में है ने कहा कि नीट जैसी परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को फौकस के साथ नियमित अध्ययन करना चाहिए और कहा कि बोर्ड परीक्षा के साथ ही थोड़े कठिन प्रश्नों को हल कर लिया जाएं तो नीट आसानी से पास किया जा सकता है और मेडिकल के अलावा फार्मा और नर्सिंग के क्षेत्र में भी कॅरियर बनाया जा सकता है।

अल्फा पैथालॉजी लेब के संचालक सैयद राहत अली ने मेडिकल के साथ साथ पैथालॉजी के क्षेत्र में कॅरियर के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। प्राचार्य सितवत खान ने समस्त अतिथियों का आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों से कहा कि कॅरियर काउंसलिंग में विशेषज्ञों ने जो भी सलाह दी है, यदि आप उनकों मानेंगे तो आपका भविष्य उज्जवल बन जाएंगा। कॅरियर काउंसलिंग एवं कॅरियर मेला के सफल आयोजन में अंत्येश धारवां, असमा खानम, नवीन मौर्य, राजेन्द्र मौर्य, डॉ. तेजपाल सिंह, पदमा परमार, भूपेन्द्र सिंह, वीरेन्द्र सिंह, डॉ. दीक्षा खंडेलवाल, डॉ. स्मिता नायर, सतीश वर्मा, एस.के. सिंगारिया, राजेश राठौर आदि का विशेष योगदान रहा।
