
आष्टा- पवित्र श्रावण मास के द्वितीय सोमवार के पावन अवसर पर संपूर्ण क्षेत्र में भगवान भोलेनाथ के भक्तों में अपार उत्साह और भक्ति का माहौल देखा गया। तड़के से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी, जहां हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा। प्रातःकाल से शुरू हुआ कावड़ यात्राओं का सिलसिला देर शाम तक निरंतर जारी रहा।मां पार्वती नदी के उद्गम स्थल से रवाना हुआ जत्था – श्रावण सोमवार के विशेष पर्व पर ग्राम बालाखेड़ा स्थित मां पार्वती नदी के पवित्र उद्गम स्थल से कावड़ियों का एक विशाल जत्था जल भरकर रवाना हुआ। बोल बम के नारों और धार्मिक ध्वजों के साथ निकला यह जत्था क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होता हुआ आगे बढ़ा। कावड़ यात्रा पटाड़ा चौहान, खजुरिया कासम, नीलबड़ सहित आसपास के कई ग्रामीण अंचलों से गुजरी, जहां स्थान-स्थान पर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर कावड़ियों का उत्साहवर्धन किया। गंज चौराहा पर नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ मित्र मंडल द्वारा कावड़ यात्रा में शामिल पूर्व मार्केटिंग अध्यक्ष कृपालसिंह पटाड़ा, सवाईसिंह ठाकुर, वीरेंद्रसिंह ठाकुर, अभिराज पटाड़ा सहित अन्य कावड़ियों का पुष्पमालाएं पहनाकर और दुपट्टा डालकर स्वागत किया। इस अवसर पर पुखराजमल मेहता, देशचंद्र वोहरा, मनीष धारवां, सुमित मेहता, पवन वर्मा, पूरणसिंह मेवाड़ा आदि मौजूद थे।