

आष्टा। जन्मदिन को सेवा, संस्कार और सनातन संस्कृति से जोड़ने का प्रेरणादायी संदेश उस समय देखने को मिला, जब पूर्व हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष श्री उमेश शर्मा एवं सकल हिंदू समाज के सचिव श्री मनीष डोंगरे के सुपुत्र वैदिक डोंगरे ने अपना जन्मदिन मां पार्वती धाम गौशाला में परिवार सहित गौमाता का पूजन-अर्चन एवं गौसेवा कर मनाया। इस अवसर पर श्री उमेश शर्मा एवं वैदिक डोंगरे ने विधि-विधान से गौमाता का पूजन किया, गौमाताओं को गो-ग्रास अर्पित किया तथा मां पार्वती धाम गौशाला समिति के कोषाध्यक्ष श्री संजय सुराणा को गौशाला के संचालन हेतु सहयोग राशि भेंट की। उपस्थित समाजजनों ने इस सेवा भाव की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय पहल बताया। मां पार्वती धाम गौशाला समिति के अध्यक्ष श्री नरेंद्र कुशवाहा ने श्री उमेश शर्मा एवं वैदिक डोंगरे का पुष्पमाला एवं

साफा पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया तथा जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। अपने संबोधन में श्री नरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में जन्मदिन केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और पुण्य अर्जित करने का श्रेष्ठ अवसर भी है। यदि प्रत्येक परिवार अपने बच्चों का जन्मदिन गौशाला, मंदिर, वृद्धाश्रम अथवा अन्य सेवा कार्यों के माध्यम से मनाए, तो समाज में संस्कारों के साथ सेवा की भावना और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि गौमाता सनातन संस्कृति की आधारशिला हैं तथा उनकी सेवा, पूजा और संरक्षण से परिवार में सुख, समृद्धि एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। वैदिक डोंगरे द्वारा गौसेवा के माध्यम से जन्मदिन मनाना समाज के युवाओं के लिए प्रेरणास्पद उदाहरण है।इस

अवसर पर श्री उमेश शर्मा ने गौशाला में निरंतर सेवा देने वाले समिति के सेवादार करण गोस्वामी एवं श्रीमती सीता गोस्वामी का सम्मान करते हुए उन्हें उपहार स्वरूप वस्त्र भेंट किए। उन्होंने गौमाताओं की सेवा एवं गौशाला के सुचारु संचालन में उनके समर्पण की सराहना करते हुए सेवा कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उपस्थित सभी लोगों ने इस सम्मान को सेवा के प्रति समाज का सम्मान बताते हुए इसकी प्रशंसा की। श्री नरेंद्र कुशवाहा ने डोंगरे परिवार एवं श्री उमेश शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन गौ संरक्षण अभियान को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं तथा

समाज में सेवा, संस्कार और समर्पण की भावना को और अधिक सशक्त बनाते हैं। कार्यक्रम में सकल हिंदू समाज के संरक्षक मोहन सिंह अजनोदिया, प्रेम नारायण शर्मा, हरिनारायण शर्मा, संयोजक मुकेश नामदेव, सचिव मनीष डोंगरे, मीडिया प्रभारी राजीव गुप्ता, उपाध्यक्ष मांगीलाल सिसोदिया, सहसचिव प्रेम नारायण जायसवाल, कोषाध्यक्ष मोंटू कौरी, महेंद्र सिंह रावत, मां पार्वती धाम गौशाला समिति के सहसचिव अनिल धनगर सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने वैदिक डोंगरे को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की मंगलकामनाएं कीं।

आष्टा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रो के दौरों पर दौरे के दौरान विधायक गोपालसिंह इंजीनियर के समक्ष उन ग्रामो के विद्यार्थियों,उनके पालकों,ग्रामीणजनों एवं भाजपा के कार्यकर्ताओं ने विधायक से अपने क्षेत्र,ग्राम के मिडिल एवं हाईस्कूलों का उन्नयन कर उनेह हाईस्कूल एवं हायर सेकेंड्री में उन्नयन करवाने की लगातार मांग की जा रही थी । विधायक लगातार अपनी विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिडिल एवं हाईस्कूल के बाद उच्च पढ़ाई के लिये कही दूसरे ग्राम ना जाना पढे को लेकर चिंतित थे एवं

लगातार सरकार से लेकर शिक्षा विभाग के मंत्री जी से संपर्क में एवं क्षेत्र के प्रस्तावित 05 मिडिल को हाईस्कूल में तथा 15 हाईस्कूल को हायर सेकेंड्री में उन्नयन के ठोस प्रयासों में जुटे हुए थे । कहते है जब भावना पवित्र और उद्देश्य सेवा का हो तो सफलता मिल ही जाती है । यही हुआ विधायक इंजीनियर के ठोस प्रयासों पर उनेह सफलता मिली और मप्र शासन के स्कूली शिक्षा मंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने आष्टा विधायक गोपालसिंह इंजीनियर की मांग पर आष्टा विधानसभा क्षेत्र के 05 मिडिल स्कूलों को हाईस्कूल में एवं 15 हाईस्कूलो को हायर सेकेंडरी में उन्नयन कर आदेश जारी किये ।

विधायक कार्यालय से दी गई जानकारी अनुसार विधानसभा क्षेत्र के गुराड़िया रूपचंद, कन्नौद मिर्जी,दरखेड़ा, निपानिया कला,भानाखेड़ी,कजलास,गुराड़िया वर्मा,उरली,रोलागांव,पगारिया हॉट,जाफराबाद,नोगांव,छापर,अरनिया गाजी,मुगली के हाईस्कूल का हायर सेकेंडरी के रूप में उन्नयन किया गया है वही आष्टा विधानसभा क्षेत्र की 05 माध्यमिक शालाओं को हाईस्कूल के रूप में उन्नयन किया गया । मप्र शासन के शिक्षा विभाग ने जिन 5 ग्रामो की माध्यमिक शालाओं का हाईस्कूल के रूप में उन्नयन किया वो ग्राम गवाखेड़ा,पीथापुरा, श्यामपुरा (मगरदा) सिंगारचोरी, आमला मज्जू की माध्यमिक शाला है ।

अब इन सभी 15 हाईस्कूलों एवं 05 माध्यमिक शालाओं के सैकड़ो विद्यार्थियों को हाईस्कूल एवं मिडिल तक कि पढ़ाई पूर्ण करने के बाद 9वी,10वी, 11 वी एवं 12 वी की पढ़ाई के लिये कही दूसरे ग्राम नही जाना पढ़ेगा । लोक शिक्षण संचालनालय मप्र ने एक पत्र जिला शिक्षा अधिकारी सीहोर को भेज कर सभी उन्नयन हुए विद्यालयों की सभी जानकारियां निर्धारित प्रपत्र में तीन दिन में भोपाल भेजने के निर्देश दिये है ।आष्टा विधानसभा क्षेत्र को शिक्षा के क्षेत्र में उक्त बड़ी सौगात देने पर विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने मप्र के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं मप्र शासन के स्कूली शिक्षा मंत्री राव उदयप्रताप सिंह जी का क्षेत्र के सभी विद्यार्थियों, उनके पालकों,भाजपा संगठन एवं नागरिको की ओर से आभार व्यक्त किया।

