वार्ड क्र. 12, 13, 16, 17 एवं 18 के आंगनबाड़ी केन्द्रों पर संपन्न हुआ आंगन मिलन सेवा अभियान, भाजपा सरकार जन्म से लेकर मृत्यु तक हर नागरिक को पहुंचा रही है योजनाओं का लाभ – रायसिंह मेवाड़ा

आष्टा। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में संपूर्ण देश में चलाए जा रहे ‘‘सेवा संकल्प अभियान’’ के अंतर्गत आज नगर के वार्ड क्रमांक 12, 13, 16, 17 एवं 18 के आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘‘आंगन मिलन सेवा’’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर किया गया। साथ ही राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत केंद्रों पर आकर्षक पोषण मटका भी सजाया गया, जिसमें उपस्थित गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण आहार के महत्व को समझाया गया।

कार्यक्रम में नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर मेवाड़ा, नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अंजनी चौरसिया, वार्ड पार्षद रवि शर्मा अतिथि के रूप में उपस्थित थे। आंगन मिलन सेवा अभियान को संबोधित करते हुए नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार के राज में समाज के हर वर्ग का कल्याण सुनिश्चित किया जा रहा है। सरकार जन्म से लेकर मृत्यु तक नागरिकों को किसी न किसी योजना के माध्यम से लाभ पहुंचा रही है। जहां एक ओर लाड़ली बहना योजना के माध्यम से माताओं-बहनों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया गया है,

वहीं लाखों आवासहीन नागरिकों को उनके सपनों का पक्का मकान प्रदान किया गया है। संकट की घड़ी में संबल योजना के माध्यम से गरीबों को 2 से 4 लाख रुपये तक की अनुग्रह सहायता राशि दी जा रही है, तो वहीं हमारे बुजुर्गों को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के जरिए देश के पवित्र तीर्थों की यात्रा कराकर धर्मलाभ दिलाया जा रहा है। श्री मेवाड़ा ने आगे कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित रह गए पात्र हितग्राहियों को ढूंढकर उन्हें लाभ दिलाना है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना,

लाड़ली बहना योजना और पीएम आवास योजना सहित अन्य कल्याणकारी नीतियों की विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया। नन्हें-मुन्ने बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्रतिदिन आने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अतिथियों द्वारा उपहार एवं चॉकलेट का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अंजनी चौरसिया, पार्षद रवि शर्मा, विशाल चौरसिया, शिवनारायण मेवाड़ा, भगवतसिंह मेवाड़ा, मातृ संयोगिनी समिति की अध्यक्ष एडवोकेट अनिता यादव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुषमा शर्मा, कल्पना राठौर, सहायिका संजना बड़ोलिया सहित बड़ी संख्या में वार्ड की गर्भवती व धात्री महिलाएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top