पुष्प विद्यालय, आष्टा में भव्य एवं भावुक विदाई समारोह आयोजित

आष्टा। स्थानीय पुष्प विद्यालय में तीन शिक्षकों एवं एक कर्मचारी के सेवानिवृत्ति उपलक्ष्य में पूरे दिन भव्य एवं भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को प्रातःकालीन एवं सायंकालीन दो चरणों में संपन्न किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों, प्रबंधन एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रातःकालीन कार्यक्रम : विद्यार्थियों द्वारा विशेष प्रस्तुति
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा की गई। बैंड की मधुर धुनों के साथ सेवानिवृत्त हो रहे शिक्षकों—श्रीमती बिंदु सोनी, श्री राकेश बाजपेई, श्रीमती निशा नरवरिया एवं तेजू बाई—का भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी को पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर चारों ने अपने उद्बोधन में जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरणादायक संदेश दिए।
श्री राकेश बाजपेई ने अनुशासन के महत्व पर जोर दिया, वहीं श्रीमती निशा नरवरिया ने विद्यार्थियों को सदैव सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। श्रीमती बिंदु सोनी ने अपने मधुर गीत से सभी का मन मोह लिया। तेजू बाई के भावुक शब्दों ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की आंखें नम कर दीं। कार्यक्रम का समापन बैंड द्वारा राष्ट्रगान की प्रस्तुति के साथ हुआ।

सायंकालीन कार्यक्रम : “संत टेरेसा डे” (फैमिली गैदरिंग डे)
सायंकाल “संत टेरेसा डे” (फैमिली गैदरिंग डे) के रूप में विशेष आयोजन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त शिक्षकों को उनके परिवार सहित आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम में आर्चबिशप ए.ए.एस. सेबेस्टियन दुरईराज, फादर फ्रांसिस स्कारिया, अजब सिंह राजपूत, मीना सिंगी, विद्यालय के प्राचार्य फादर मेल्विन सीजे, उप प्राचार्या सिस्टर सुमा, ब्रदर्स एवं सिस्टर्स सहित समस्त स्टाफ एवं परिवारजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत बैंड के साथ अतिथियों की भव्य एंट्री एवं स्वागत से हुई। विद्यालय के मैनेजर, प्राचार्य एवं उप प्राचार्य ने सभी आगंतुक अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। तत्पश्चात सभी अतिथियों एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों के परिवार द्वारा दीप प्रज्वलन किया गया। इसके बाद उन दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिनके योगदान से विद्यालय आज इस ऊंचाई तक पहुंचा है। इस अवसर पर भोपाल के पूर्व आर्चबिशप रेव. पास्कल टॉपनो, एस.जे. एवं पुष्प विद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. फादर एस. सोलोमन को विशेष रूप से स्मरण किया गया। इसके पश्चात शिक्षकों द्वारा प्रार्थना गीत प्रस्तुत किया गया तथा दिवंगत आत्माओं, सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं उनके परिवार, विद्यालय प्रशासन, विद्यार्थियों एवं समस्त स्टाफ के लिए विशेष प्रार्थना की गई।

आर्चबिशप ए.ए.एस. सेबेस्टियन दुरईराज ने अपने उद्बोधन में शिक्षकों के अमूल्य योगदान की सराहना की। तत्पश्चात सेवानिवृत्त शिक्षकों के साथ केक कटिंग सेरेमनी आयोजित कर उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की गई। विद्यालय प्रबंधन एवं पुष्प विद्यालय स्टाफ द्वारा सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं तेजू बाई को शॉल, प्रतीक चिन्ह एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर श्रीमती बिंदु सोनी एवं श्री राकेश बाजपेई ने अपने अनुभव साझा किए। शिक्षकों द्वारा आकर्षक नृत्य प्रस्तुति भी दी गई। अंत में स्टाफ प्रतिनिधि श्री धर्मेंद्र परमार ने सभी का आभार व्यक्त किया। बैंड द्वारा राष्ट्रगान की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top