

आज दिनांक 21 अक्टूबर (बुधवार) को रक्षित केंद्र सीहोर में ‘पुलिस स्मृति दिवस परेड’ का गरिमामय आयोजन किया गया।इस अवसर पर देश में सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक सीहोर, श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने पुलिस स्मृति दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला । उन्होंने बताया कि 67 वर्ष पूर्व 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के दुर्गम क्षेत्र ‘हॉट स्प्रिंग’ में 16,000 फीट की ऊंचाई पर

तैनात सी.आर.पी.एफ. (CRPF) की एक गश्ती टुकड़ी पर चीनी सेना ने घात लगाकर हमला किया था। सीमित संसाधनों के बावजूद हमारे जवानों ने अदम्य साहस और शौर्य का परिचय देते हुए चीनी सेना का डटकर मुकाबला किया और अंतिम सांस तक अपनी पोस्ट नहीं छोड़ी। मातृभूमि की रक्षा में सी.आर.पी.एफ. के 10 शूरवीर जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे। उन्हीं अमर बलिदानियों की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को देश भर में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।

पुलिस अधीक्षक सीहोर श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने विगत एक वर्ष (1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक) की अवधि में संपूर्ण भारतवर्ष में कर्तव्य की वेदी पर शहीद हुए राज्य पुलिस बल, केंद्रीय पुलिस बल एवं अन्य पुलिस संगठनों के 154 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नामों का वाचन कर उन्हें नमन किया । इन अमर बलिदानियों में मध्यप्रदेश पुलिस के 09 वीर जवान भी शामिल हैं ।

स्मृति दिवस परेड की कमान सूबेदार श्री अजय भिरे एवं पीसी गणेश सिंह डामोर द्वारा संभाली गई। परेड में शामिल प्लाटूनों द्वारा शोक शस्त्र की कार्यवाही करते हुए अमर शहीदों को सलामी दी गई तथा उपस्थित सभी जनों ने मौन रखकर वीरगति प्राप्त जवानों को स्मरण किया।

इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संजीव कुमार अग्रवाल , जिला कलेक्टर बाला गुरु के.,श्री महेश वर्मा द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश, श्री अरविंद सिंह गुर्जर जिला रजिस्ट्रार,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सीहोर: डॉ. प्रशांत चौबे,श्रीमती नीलमड़ी डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड सीहोर,एसडीओपी सीहोर श्री प्रेमनारायण गोयल, डीएसपी अजाक सीहोर श्री प्रवीण चढ़ोकर, रक्षित निरीक्षक सीहोर श्री उपेंद्र यादव सहित पुलिस के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई ।
