

आष्टा। अपने कार्य के प्रति सदैव सक्रिय और सेवाभावी अधिकारी, आष्टा शासकीय सिविल अस्पताल के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) डॉ. अमित माथुर का जन्मदिन ‘आष्टा युवा संगठन’ द्वारा सिविल अस्पताल परिसर में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर संगठन के सदस्यों ने डॉ. माथुर का पारंपरिक रूप से साफा बांधकर आत्मीय स्वागत किया और उन्हें एक स्मृति स्वरूप प्रतीक चिन्ह भेंट कर दीर्घायु व उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दीं।

“मरीज की बात धैर्य से सुनना ही आधी बीमारी का इलाज”- कार्यक्रम के दौरान आष्टा युवा संगठन के अध्यक्ष आनंद गोस्वामी ने डॉ. माथुर की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा:- “प्रशासनिक अधिकारी और चिकित्सक तो बहुत आते-जाते हैं, लेकिन एक सच्चा और अच्छा चिकित्सक वही होता है जो मरीज के दर्द और उसके लक्षणों को पूरी संवेदनशीलता व धैर्य के साथ सुने। डॉ. अमित माथुर साहब में यही अनूठी कार्यशैली है। वे मरीज की बात इतनी आत्मीयता से सुनते हैं कि आधी बीमारी तो वहीं दूर हो जाती है। चिकित्सा के क्षेत्र में उनका योगदान वाकई सराहनीय और अनुकरणीय है।”

गरिमामयी रही उपस्थिति- डॉ. माथुर के जन्मदिवस की इस बेला पर अस्पताल स्टाफ सहित नगर के गणमान्य नागरिक और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बधाई देने वालों में मुख्य रूप से शामिल थे: नरेश माथुर (संगठन सदस्य), गोलू शर्मा (खाचरोद), कल्लू मेजर, मोंटू कोरी, डॉ. रवि गोस्वामी, डॉ. सुरेश सेन। इसके साथ ही सिविल अस्पताल के समस्त स्टाफ ने भी अपने लोकप्रिय अधिकारी को फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर जन्मदिन की बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

आष्टा। कूड़ा मुक्त शहर बनाने की दिशा में नगर पालिका परिषद आष्टा द्वारा निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में स्वच्छता टीम द्वारा अब तक शहर के लगभग 6 प्रमुख कचरा स्थलों को पूरी तरह कूड़ा मुक्त किया जा चुका है। इन स्थानों पर अब किसी भी प्रकार की गंदगी दिखाई नहीं देती, जिससे क्षेत्रवासियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल रहा है।इन स्थलों को स्थायी रूप से स्वच्छ बनाए रखने के लिए नगर पालिका की आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) टीम द्वारा आसपास के क्षेत्रों में विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना एवं उन्हें स्वच्छ भारत अभियान से जोड़ना है, ताकि वे स्वयं भी अपने आसपास गंदगी न फैलाएं।कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों को घर से निकलने वाले कचरे को गीले एवं सूखे रूप में अलग-अलग रखने तथा कचरा वाहन में ही डालने के लिए प्रेरित किया जाता है। साथ ही, सफाई कर्मचारियों द्वारा इन स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर कचरे का पूर्ण निष्पादन किया जाता है।स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी सुनिश्चित करने हेतु इन स्थलों पर नागरिकों को एकत्रित कर स्वच्छता की शपथ दिलाई जाती है।

इसके अतिरिक्त, टीम द्वारा स्वच्छता से जुड़े स्लोगन एवं चालानी कार्रवाई के संदेश भी दीवारों पर लिखे जाते हैं, जिससे लोगों में जागरूकता के साथ-साथ अनुशासन भी बना रहे।इस अभियान में मुख्य रूप से राजकुमार अकेला, विनय सिंह, अनीश सोलंकी, नीरज गंगराड़े सहित दर्जनों नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही।उक्त सभी गतिविधियां नगर पालिका अध्यक्ष श्री हेम कुंवर राय सिंह मेवाड़ा एवं

मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री विनोद कुमार प्रजापति के मार्गदर्शन में आयोजित की जा रही हैं। साथ ही, सेनेटरी इंस्पेक्टर श्री विनोद कुमार सांगते एवं वार्ड दरोगा के नेतृत्व में स्वच्छता टीम लगातार शहर को स्वच्छ बनाने में जुटी हुई है।नगर पालिका परिषद आष्टा का यह प्रयास न केवल शहर की सुंदरता बढ़ा रहा है, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित कर रहा है।

