

किसान अधिकारों की मांग को लेकर युवा कांग्रेस ने निकाली किसान अधिकार यात्रा, दुपाड़िया जोड़ से पैदल यात्रा का शुभारंभ, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कैलाश परमार ने किसानों और युवाओं का किया स्वागत

आष्टा। किसानों की विभिन्न समस्याओं एवं उनके अधिकारों की मांग को लेकर शनिवार को ग्राम दुपाड़िया जोड़ से युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं युवा कृषक अखिलेश बाबू राजपूत के नेतृत्व में किसान अधिकार यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में किसान, युवा साथी एवं कांग्रेस कार्यकर्ता पैदल शामिल हुए।किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर निकाली गई इस यात्रा में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कैलाश परमार भी शामिल हुए।

उन्होंने पैदल यात्रा में चल रहे किसान भाइयों एवं युवा साथियों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया।इस अवसर पर आयोजित संबोधन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता कैलाश परमार ने भाजपा सरकार पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज किसान अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। किसानों को पर्याप्त एवं समय पर बिजली, खाद और कृषि संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से खेती की लागत बढ़ रही है, जिससे किसान आर्थिक रूप से परेशान है।

सरकार को किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष अखिलेश बाबू राजपूत ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। किसानों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और उन्हें उनके अधिकार दिलाने के उद्देश्य से यह किसान अधिकार यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस किसानों एवं युवाओं की आवाज को मजबूती के साथ उठाती रहेगी।यात्रा में किसान एवं युवा साथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा किसानों के अधिकारों एवं समस्याओं को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।

यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों में भी उत्साह देखने को मिला।किसान अधिकार यात्रा में प्रमुख रूप से राहुल मेवाड़ा, यशवंत मालवीय, देवराज मालवीय, देवेंद्र परमार, राहुल परमाल, नरेंद्र कुशवाहा पूर्व पार्षद, कमल सिंह चौहान, महेश मेवाड़ा, घनश्याम जांगड़ा, हरि मेवाड़ा, अर्जुन अजय, रामचरण देवरिया, आत्माराम परमार, पार्षद राजकुमार मालवीय, शुभम कुशवाहा, आशुतोष नामदेव सहित बड़ी संख्या में किसान, युवा एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


