आईडीबीआई बैंक की अनूठी पहल, नपा आष्टा को सीएसआर मद से भेंट किया 14 टन का भारी वाहनबैंक अधिकारियों ने नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर मेवाड़ा को सौंपी ट्रक की चाबी

आष्टा। नगर विकास के बढ़ते कदम में नगरपालिका ने एक नई उपलब्धि हासिल कर विकास की नई दिशा में एक कदम औरर बढ़ाते हुए नगर को स्वच्छता कार्य हेतु एक नवीन ट्रक की सौगात दी है। यह एक सराहनीय पहल है जहाँ कॉर्पाेरेट सामाजिक उत्तरदायित्व सीएसआर के माध्यम से स्थानीय प्रशासन को सशक्त बनाया जा रहा है। आईडीबीआई बैंक द्वारा हमारी नगरपालिका को दिया गया एलपीटी 1416 ट्रक शहर की स्वच्छता और कचरा प्रबंधन में मील का पत्थर साबित होगा। इस आशय के विचार नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर मेवाड़ा के मुख्य आतिथ्य में नपा के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने व्यक्त किए। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथि के रूप में मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति द्वारा उपस्थित नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर मेवाड़ा, नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा, नपाउपाध्यक्ष सिद्दीका बी, आईडीबीआई बैंक के वरिष्ठ क्षैत्रीय महाप्रबंधक महेशचंद्र करी, उपमहाप्रबंधक राजेश ग्रेवाल, सहायक महाप्रबंधक अचल जैन, शाखा प्रबंधक शाहिद हफीज खान का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने कहा कि आज हमारे आष्ठा नगर के लिए बहुत खुशी का दिन है। हम सभी जानते हैं कि एक स्वच्छ शहर ही स्वस्थ समाज की नींव होता है, लेकिन स्वच्छता बनाए रखने के लिए संकल्प के साथ-साथ सही संसाधनों का होना भी आवश्यक है। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में आज एक बड़ा कदम उठाया गया है। आईडीबीआई बैंक ने अपनी सीएसआर गतिविधियों के तहत नगरपालिका को 14 टन क्षमता का टाटा एलपीटी 1416 ट्रक प्रदान किया है। इस वाहन के शामिल होने से शहर के कचरा संग्रहण और परिवहन कार्य में गति आएगी। आईडीबीआई बैंक के वरिष्ठ क्षैत्रीय महाप्रबंधक महेशचंद्र करी, उपमहाप्रबंधक राजेश ग्रेवाल ने कहा कि आईडीबीआई बैंक द्वारा सीएसआर के माध्यम से शासकीय सिविल अस्पताल, शासकीय विद्यालयों में इस तरह के सहयोग किए जाते रहे है। यह पहला अवसर है कि नगरीय निकाय में ट्रक जैसी सुविधा उपलब्ध करवाने का अवसर बैंक को मिला है। कचरा ट्रांसफर पाईंट होगा स्थापित – मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि सीएसआरद मद के तहत प्रत्येक कंपनी अथवा बैंक अपने वार्षिक मुनाफे का कुछ प्रतिशत सामाजिक कार्यो में व्यय करती है। उसी के चलते आईडीबीआई बैंक द्वारा एलपीटी 1416 शक्तिशाली 14 टन क्षमता का लगभग 24 लाख 50 हजार रूपये की लागत का ट्रक प्रदान किया गया है जो अपने आपमें एक बड़ी सौगात है। क्योंकि किसी भी बैंक द्वारा इतनी बड़ी सौगात अन्य नगरपालिकाओं को अभी तक नही दी गई है। सीएमओ श्री प्रजापति ने यह भी कहा कि नगर का कचरा संग्रहण कर ट्रेक्टर-ट्रालियों के माध्यम से हमीदखेड़ी स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड पर एकत्रित किया जाता है, जिसमें समय और आर्थिक क्षति निकाय को होती थी। ट्रक के उपलब्ध होने से नपा द्वारा कचरा ट्रांसफर पाईंट स्थापित किया जाएगा, जिसमें ट्रेक्टर-ट्रालियों की मदद से नगर का कचरा संग्रहित कर प्राप्त ट्रक के माध्यम से ट्रेचिंग ग्राउंड तक पहुंचाया जाएगा। मैं आईडीबीआई बैंक के प्रबंधन को नगर की जनता की ओर से हृदय से धन्यवाद देता हूँ। हम बैंक को विश्वास दिलाते हैं कि इस संसाधन का उपयोग जनहित में और शहर को नंबर-1 बनाने में किया जाएगा। इस अवसर पर नपा में नेताप्रतिपक्ष डाॅ. राजकुमार मालवीय, पार्षद डाॅ. सलीम खान, कमलेश जैन, हिफज्जुर्रहमान भैया मियां, मेहमूद अंसारी, सुभाष नामदेव, अतीक कुरैशी, शेख रईस, जाहिद गुड्डू, पूर्व हिउस अध्यक्ष कालू भट्ट, तारा कटारिया, तेजसिंह राठौर, रवि शर्मा, पत्रकारगण सुशील संचेती, कमल पांचाल, ओमकार मालवीय, राज बोड़ाना के साथ ही नपा अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद थे। कार्यक्रम में उपस्थितजनों का आभार सीएमओ विनोदकुमार प्रजापति ने व्यक्त किया तथा संचालन कुशलपाल लाला द्वारा किया गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top