

updatenews247.com धंनजय जाट आष्टा 7746898041- आगामी महाशिवरात्रि पर्व को लेकर सकल हिंदू समाज की ओर से प्रशासन से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पर्व शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
सकल हिंदू समाज अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद श्री नरेंद्र कुशवाहा ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि महाशिवरात्रि के अवसर पर

नगर के प्रमुख शिव मंदिरों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिरों एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सुरक्षा व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की जाए। उन्होंने प्रमुख मांगों में मंदिरों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग करने, पार्किंग की उचित व्यवस्था, नियमित बिजली एवं पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा नगर पालिका द्वारा साफ-सफाई एवं कचरा प्रबंधन की विशेष व्यवस्था करने की बात कही।

इसके साथ ही रात्रि जागरण एवं धार्मिक आयोजनों को देखते हुए विद्युत आपूर्ति निर्बाध रखने, तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने की भी मांग की गई। श्री कुशवाहा ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि सकल हिंदू समाज की ओर से सभी धार्मिक कार्यक्रम शांति, अनुशासन एवं कानून के दायरे में रहकर आयोजित किए जाएंगे तथा सकल हिंदू समाज प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग करेंगे। इस अवसर पर सकल हिंदू समाज अध्यक्ष एवं सकल हिंदू समाज अध्यक्षगण, हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष पत्रकार बंधु, नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


