

Ashta देहली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, आष्टा के 46 विद्यार्थियों का पाँच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण आज उत्साह, उमंग, जिज्ञासा और रोमांच के साथ प्रारंभ हुआ। विद्यार्थियों का दल मुंबई, महाबलेश्वर एवं इमैजिका थीम पार्क के भ्रमण के लिए रवाना हुआ। वाइस प्रिंसिपल श्री अजय शर्मा के नेतृत्व में दल आष्टा से बस द्वारा भोपाल पहुँचा, जहाँ से आगे की यात्रा रेलगाड़ी द्वारा प्रारंभ की गई।इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर प्रत्यक्ष अनुभवों के माध्यम से सीखने का अवसर प्रदान करना है। पुणे का नगरीय जीवन, महाबलेश्वर की प्राकृतिक एवं

भौगोलिक विशेषताओं तथा इमैजिका थीम पार्क के अनुभव विद्यार्थियों के लिए सीखने और मनोरंजन का विशेष अवसर प्रदान करेंगे।विद्यालय का मानना है कि कक्षा के बाहर प्राप्त अनुभव सीखने को अधिक प्रभावी एवं स्थायी बनाते हैं। इस यात्रा के माध्यम से विद्यार्थी ऐतिहासिक, भौगोलिक एवं सांस्कृतिक पहलुओं को प्रत्यक्ष रूप से समझने के साथ अपने ज्ञान और आत्मविश्वास को भी समृद्ध करेंगे।यात्रा के प्रारंभ होते ही विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

नई जगहों को देखने और कुछ नया सीखने की जिज्ञासा के साथ विद्यार्थियों ने यात्रा का आनंद लेना शुरू किया। उन्हें यात्रा के दौरान अनुशासन, सुरक्षा, समयबद्धता एवं आपसी सहयोग का पालन करने तथा प्रत्येक अनुभव से सीखने के लिए प्रेरित किया गया।निदेशक श्रीमती पायल अली ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शैक्षणिक यात्राएँ विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों से बाहर निकलकर विभिन्न स्थानों, संस्कृतियों और प्राकृतिक परिवेश को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर प्रदान करती हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को यात्रा के दौरान नई जानकारियाँ प्राप्त करने, जिज्ञासा बनाए रखने और अपने अनुभवों को ज्ञान से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।विद्यालय के निदेशक श्री ध्रुव कुमार तिवारी, सैयद परवेज़ अली, श्री बहादुर सिंह सेंधव, श्री ज्ञानसिंह ठाकुर, श्रीमती पायल अली, डॉ. संगीता सिन्हा एवं सैयद आदिल अली ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकगण को शैक्षणिक भ्रमण के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं अनुशासित रहकर यात्रा का भरपूर आनंद लेने तथा प्रत्येक नए अनुभव से कुछ नया सीखने का संदेश दिया।देहली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, आष्टा का यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ‘देखो, समझो, अनुभव करो और सीखो’ की भावना के साथ ज्ञान, अनुभव और रोमांच से भरी एक यादगार यात्रा बनने जा रहा है।


