शैक्षिक भ्रमण- सुशीला उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बागैर के विद्यार्थियों ने किया धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों का शैक्षिक भ्रमण

बागैर। संस्था सुशीला उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बागैर के लगभग 70 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं का एक दल चार दिवसीय धार्मिक एवं शैक्षिक भ्रमण (दिनांक 22 रविवार से 25 बुधवार तक) सफलतापूर्वक संपन्न कर सकुशल वापस लौटा। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ इस ज्ञानवर्धक यात्रा का आनंद लिया।

धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के किए दर्शन यात्रा के पहले दिन रविवार को दल ने सर्वप्रथम आगर-मालवा स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ माँ बगलामुखी (नलखेड़ा) के दर्शन किए और रात्रि विश्राम के लिए गुलाबी नगरी जयपुर पहुँचा। दूसरे दिन सोमवार को सुबह सप्त ठाकुरों में से एक श्री गोविंद देव जी के दर्शन के पश्चात विद्यार्थियों ने जयपुर की ऐतिहासिक धरोहरों—सिटी पैलेस, जंतर-मंतर, हवामहल, जलमहल और विश्वप्रसिद्ध आमेर के किले का भ्रमण कर वहां की स्थापत्य कला और इतिहास को करीब से जाना। इसके उपरांत दल खाटू श्याम जी पहुँचा।

मंगलवार सुबह सभी ने हारे के सहारे बाबा श्री खाटू श्याम जी एवं श्री श्यामकुंड के पावन दर्शन कर आशीर्वाद लिया। वहां से प्रस्थान कर रात्रि में चित्तौड़गढ़ स्थित श्री सांवरिया सेठ (मंडफिया जी) के दर्शन किए और रात्रि विश्राम के पश्चात बुधवार को दल अपने गंतव्य बागैर के लिए रवाना हुआ।

शैक्षिक भ्रमण से बढ़ता है व्यावहारिक ज्ञान: नरेंद्र परमार इस अवसर पर विद्यालय संचालक नरेंद्र परमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि शैक्षिक भ्रमण किताबी ज्ञान को वास्तविक दुनिया से जोड़कर सीखने की प्रक्रिया को अधिक व्यावहारिक, रोचक और स्थायी बनाता है। ऐतिहासिक स्थलों और धरोहरों को प्रत्यक्ष देखने से विषय स्पष्ट होते हैं। उन्होंने बताया कि नए माहौल में सवाल पूछने और चीजों को परखने से आत्मविश्वास बढ़ता है, वहीं साथियों और शिक्षकों के साथ यात्रा करने से सहयोग, संवाद और नेतृत्व की भावना विकसित होती है। विविध संस्कृतियों और परंपराओं के प्रति सम्मान पैदा होने के साथ-साथ यह अनुभव छात्रों को तरोताज़ा कर उनकी एकाग्रता को भी बढ़ाता है।

इनका रहा विशेष सहयोग यह संपूर्ण यात्रा विद्यालय मार्गदर्शक अशोक परमार के कुशल मार्गदर्शन तथा प्राचार्या श्रीमती रानू परमार, प्रबंधक राजेश परमार एवं नरेंद्र परमार की अनुशंसा पर आयोजित की गई। यात्रा की सफलता में शिक्षक-शिक्षिकाएं अर्जुन सिंह ठाकुर, दिनेश बैरागी, सुरेंद्र सिंह ठाकुर, नीरज शर्मा, हरि प्रसाद प्रजापति, दीपा शर्मा, नीलांशी शर्मा, भावना दुबे, मोनिका जैन, ऋषिका ठाकुर, राखी परमार और अरुणा परमार समेत समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा, जिन्हें विद्यालय परिवार की ओर से मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दी गईं।

प्राचार्या की ओर से संदेश

“पुस्तकों के पन्नों से बाहर निकलकर जब विद्यार्थी अपनी समृद्ध संस्कृति, इतिहास और आस्था के केंद्रों को प्रत्यक्ष देखते हैं, तो उनका सर्वांगीण विकास होता है। इस यात्रा के दौरान हमारे विद्यार्थियों का अनुशासन, जिज्ञासा और उत्साह अत्यंत प्रशंसनीय रहा। मुझे पूर्ण विश्वास है कि इस भ्रमण से प्राप्त अनुभव और संस्कार उनके जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेंगे और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव को और मजबूत बनाएंगे।”

— श्रीमती रानू परमार (प्राचार्या, सुशीला उ.मा. विद्यालय, बागैर)

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top