गोपाष्टमी पर मां पार्वती धाम गौशाला में गौ माता की पूजन महाआरती के साथ गौसेवकों और दानदाताओं का किया सम्मान

विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर, पूर्व नपाध्यक्ष कैलाश परमार एवं गायत्री शक्तिपीठ प्रमुख मोहन सिंह अजनोदिया ने गौसेवा को बताया मानवता और पुण्य का कार्य

आष्टा। नगर के भोपाल रोड स्थित मां पार्वती धाम गौशाला में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी दीपावली पर्व के उपरांत पावन गोपाष्टमी के अवसर पर दीपावली मिलन एवं गोपाष्टमी गौ माता का पूजन कार्यक्रम विधि-विधान से सम्पन्न हुआ । इस अवसर पर गौ माता के प्रति श्रद्धा, सेवा और समर्पण का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, धर्मप्रेमियों, गौसेवकों,पत्रकारों, दानदाताओं एवं मातृशक्ति ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर गौ माता का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।


मां पार्वती धाम गौशाला में वर्तमान में 100 से अधिक गौ माताओं की सेवा की जा रही है। इनमें बीमार, दुर्घटनाग्रस्त एवं असहाय गौ माताओं को आश्रय देकर पशु चिकित्सकों के माध्यम से समय-समय पर उपचार उपलब्ध कराया जाता है। गौशाला समिति द्वारा प्रतिदिन गौ माताओं के लिए हरी सब्जियां, पौष्टिक आहार एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जाती है। साथ ही गौशाला परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कैलाश परमार, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. मीना सिंगी, पूर्व जनपद अध्यक्ष श्रीमती गुलाब बाई ठाकुर,गायत्री शक्तिपीठ प्रमुख मोहन सिंह अजनोदिया, स्वास्थ्य विभाग के जी.डी. सोनी, डॉ. श्रीमती अर्चना सोनी, प्रेम नारायण शर्मा, हरिनारायण शर्मा, समाजसेवी डॉ. विजय कोचर, युवा समाजसेवी जितेंद्र साहू, सिद्धांत जायसवाल, मोहित सोनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


सर्वप्रथम अतिथियों एवं उपस्थितजनों ने गौ माता का पूजन-अर्चन कर आरती की तथा गौसेवा का संकल्प लिया। मां पार्वती धाम गौशाला समिति अध्यक्ष नरेंद्र कुशवाहा ने सभी अतिथियों का केसरिया साफा एवं पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत-सम्मान किया। विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर ने गौसेवा को बताया पुण्य का कार्यअपने उद्बोधन में क्षेत्रीय विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का स्थान अत्यंत पूजनीय है। गौ माता की सेवा केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कार और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा हुआ कार्य है।

मां पार्वती धाम गौशाला समिति द्वारा बीमार, दुर्घटनाग्रस्त एवं बेसहारा गौ माताओं की जिस भावना से सेवा की जा रही है, वह सराहनीय है। गौ माताओं के भोजन, उपचार, स्वच्छता एवं देखभाल के लिए निरंतर प्रयास करना समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने सभी नागरिकों से गौसेवा के इस पुनीत कार्य में अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम को पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कैलाश परमार ,गायत्री शक्तिपीठ प्रमुख मोहन सिंह अजनोदिया,डॉ अर्चना सोनी,मीना सिंगी,डॉ विजय कोचर, हरिनारायण शर्मा,जितेंद्र साहू,गुलाब बाई ठाकुर,मोहित सोनी सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया ।

कार्यक्रम में गौसेवकों, पशु चिकित्सकों,गौशाला के सेवादारों करण गोस्वामी, श्रीमती सीता गोस्वामी, पीयूष गोस्वामी, मिश्रीलाल कुशवाहा, गोरेलाल परमार एवं राकेश प्रजापति का सम्मान कर उपहार भेंट किये गये । कार्यक्रम में गौ माताओं के उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने वाले पशु चिकित्सालय के डॉक्टरों का सम्मान गौशाला के विशेष सहयोगी विपिन सिंगी द्वारा किया गया। गोपाष्टमी के इस पावन अवसर पर अनेक समाजसेवियों एवं दानदाताओं ने गौ माता के आहार एवं गौशाला की व्यवस्थाओं के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया।समिति ने सभी दानदाताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार मां पार्वती धाम गौशाला समिति अध्यक्ष नरेंद्र कुशवाहा ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार गौसेवक, दानदाता उपस्तिथ रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top