

आष्टा। नगर पालिका परिषद आष्टा की सहयोगी संस्था यूनिक वेस्ट मैनेजमेंट कंसलटेंट प्राइवेट लिमिटेड, उज्जैन द्वारा आज दिनांक 16 नवंबर 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आष्टा के सभाकक्ष में नर्सिंग स्टाफ एवं सफाई मित्रों के लिए क्षमता वर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बड़ी संख्या में नर्सिंग स्टाफ एवं सफाई मित्रों ने सहभागिता की।कार्यशाला के दौरान मेडिकल वेस्ट (जैव चिकित्सा अपशिष्ट) एवं सामान्य कचरे के बीच स्पष्ट अंतर समझाते हुए मेडिकल वेस्ट के उचित पृथक्करण, संग्रहण एवं सुरक्षित प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही मेडिकल वेस्ट को निर्धारित अलग-अलग रंगों के डस्टबिन एवं बैग में रखने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

विशेष रूप से बताया गया कि मेडिकल वेस्ट को सामान्य कचरे के साथ मिलाना स्वास्थ्य एवं पर्यावरण की दृष्टि से बेहद खतरनाक हो सकता है। इससे संक्रमण फैलने, सफाई मित्रों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों के संक्रमित होने तथा आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है। इसलिए अस्पताल परिसर में कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण करना अत्यंत आवश्यक है।इस अवसर पर सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स 2026 के प्रमुख प्रावधानों एवं स्वच्छता व्यवस्था में उनकी उपयोगिता के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। उपस्थित कर्मचारियों को दैनिक कार्यों में कचरा पृथक्करण के नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यशाला में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर से श्री जीतेन्द्र वर्मा (सहायक प्रबंधक), श्रीमती नीतू यादव (नर्सिंग ऑफिसर) एवं श्री कपिल देव (सफाई सुपरवाइजर) सहित नगर पालिका परिषद की सहयोगी संस्था की ओर से राजकुमार अकेला, विनय सिंह एवं अनीश सोलंकी उपस्थित रहे।उल्लेखनीय है कि इस प्रकार की जनजागरूकता एवं क्षमता वर्धन गतिविधियों का आयोजन नगर पालिका परिषद आष्टा के अध्यक्ष हेमकुंवर राय सिंह मेवाड़ा एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी विनोद कुमार प्रजापति के मार्गदर्शन एवं निगरानी में संस्था द्वारा निरंतर किया जा रहा है। इन गतिविधियों का उद्देश्य स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करना, कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाना तथा सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करना है।


