
आष्टा (नि.प्र.) – आप का स्कूल जीवन भले ही आज समाप्त हो रहा है लेकिन आपका विद्यार्थी जीवन अभी बहुत बाकी है। आपके जीवन का अब नया अध्याय प्रारंभ हो रहा है जिसमें आपको और बेहतर बनकर निकलना है एवं जीवन में कभी भी हमारी आवश्यकता लगे तो हमें अवश्य याद करें। उक्त उद्गार मार्टिनेट विद्यालय के प्रबंधक विनीत कुमार त्रिवेदी द्वारा हायर सेकेण्डरी के विद्यार्थियों के विदाई समारोह के दौरान व्यक्त किये गये। उक्त आयोजन संस्था के संचालक नोशे खान के मुख्य आतिथ्य में नगर के गीतांजलि गार्डन में सम्पन्न हुआ। जिसकी मेजबानी कक्षा 11 के विद्यार्थियों द्वारा की गई और उन्होंने अपने सीनियर्स को प्रतीक चिन्ह और विद्यालयीन जीवन के सुनहरी यादो के साथ विदा किया। आयोजन में मिस्टर मार्टिनेट के रूप में आयुष जाटव मिस मार्टिनेट के रूप में नियति तिवारी को चुना गया तथा बेस्ट ड्रेसअप मेल का पुरस्कार सूफियान शेख और बेस्ट ड्रेसअपल फीमेल का पुरस्कार खदीजा कुलसुम को दिया गया। सभी विजेता का चयन जज के रूप में आमंत्रित नगर के सिविल हास्पिटल के आयुष विभाग की यूनानी डॉ. शाईनी अंजुम एवं नगर की डांसिग स्टार जयश्री सुराणा द्वारा विभिन्न राउंड की प्रतियोगिताओं द्वारा सभी का आकलन करके उनकी बुद्धिमत्ता की परख करते हुये किया गया। आयोजन में कक्षा 11 के विद्यार्थियों द्वारा अपने सीनियर्स के सम्मान में विभिन्न प्रस्तुतियां दी गई जिसमें प्रस्तुत की गई स्किट नें सबका मन मोह लिया तथा सभी को भावुक कर दिया। आयोजन में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती प्रीति त्रिवेदी, उप-प्राचार्य श्रीमती शिखा तिवारी सहित मैनेजमेण्ट टीम के अतुल जैन सुराणा, रेखा शर्मा, कुशल भूतिया, राखी यादव एवं रचना ठाकुर की के साथ विद्यालय के सभी शिक्षक / शिक्षिकाओं की उपस्थिति रही। आयोजन का सफल संचालन कवि अतुल जैन सुराणा के साथ कक्षा 11 की छात्राओं कु. यशिका नामदेव तथा कु. राधिका वर्मा द्वारा किया गया।