

आष्टा। श्री नेमिनाथ श्वेतांबर जैन मंदिर,किला स्थित उपाश्रय में आशीष वचन देते हुए पन्यास प्रवर यशोजित विजय महाराज ने कहा कि आज व्यक्ति को अपने शरीर की चिंता है, लेकिन आत्मा के कल्याण की चिंता नहीं है। मनुष्य को समझना चाहिए कि धर्म क्या है और उसका वास्तविक उद्देश्य क्या है।जीवन केवल खाने-पीने और सांसारिक सुख-सुविधाएं जुटाने के लिए नहीं, बल्कि आत्मकल्याण के लिए मिला है। इसलिए राग-द्वेष से दूर रहकर

त्याग, संयम और धर्म आराधना के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।उन्होंने कहा कि जैन शासन में प्रत्येक जीव के कल्याण की भावना निहित है।छोटे से छोटे जीव के प्रति भी द्वेष नहीं रखना चाहिए।यदि हम अरिहंत परमात्मा में आस्था रखते हैं, तो उनके बताए मार्ग और सिद्धांतों को भी अपने जीवन में अपनाना होगा। यशोजित विजय महाराज ने कहां जीवों के प्रति द्वेष की भावना बढ़ती दिखाई देती है, जबकि धर्म हमें सभी प्राणियों के प्रति करुणा,मैत्री और सदभाव रखना सिखाता है।पन्यास प्रवर ने कहा कि मनुष्य को अपने अस्तित्व और आत्मस्वरूप को पहचानने की आवश्यकता है।

संसार में व्यक्ति अकेला आता है और अकेला ही जाता है। परिवार और सांसारिक संबंध जीवन की यात्रा का हिस्सा हैं, लेकिन आत्मा की यात्रा में अपने कर्मों का ही महत्व है। इसलिए व्यक्ति को दूसरों से भयभीत होने के बजाय अपने कर्मों के प्रति सजग रहना चाहिए। अच्छे कर्म और धर्म आराधना ही आत्मकल्याण की दिशा प्रशस्त करते हैं।उन्होंने धर्मस्थल और सांसारिक जीवन के व्यवहार में अंतर पर भी ध्यान दिलाया। कहा कि कई बार व्यक्ति धर्मस्थल पर साधक की भावना में रहता है,लेकिन वहां से बाहर निकलते ही फिर

सांसारिक मोह-माया में उलझ जाता है। धर्म का वास्तविक लाभ तभी है, जब उसके संस्कार और सिद्धांत हमारे दैनिक जीवन में भी दिखाई दें। केवल धार्मिक स्थान पर जाना पर्याप्त नहीं, बल्कि वहां से मिली सीख को आचरण में उतारना जरूरी है।आपने कहा कि गुरु जीवन को सही दिशा दिखाते हैं। जहां सच्चा ज्ञान प्राप्त हो, वहां जाकर ज्ञान ग्रहण करना चाहिए। धर्म चर्चा में धन-संपत्ति के बजाय ज्ञान, कर्म और आत्मकल्याण की बात होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को यह निर्णय करना सीखना चाहिए कि उसका

वास्तविक हित किसमें है। यदि पूर्ण रूप से दीक्षा लेना संभव नहीं है, तब भी गृहस्थ जीवन में रहते हुए त्याग, संयम और धर्म आराधना की भावना बनाए रखी जा सकती है।उन्होंने नवपद की साधना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि धर्म आराधना जीवन जीने की सही कला सिखाती है। अरिहंत परमात्मा को हृदय में धारण कर उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए। आत्मा में राग-

द्वेष की पहचान कर उन्हें दूर करने का प्रयास करना चाहिए। मनुष्य के भीतर आत्मा से परमात्मा बनने की क्षमता है, इसलिए उसे अपने जीवन का उद्देश्य पहचानकर आत्मकल्याण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ना चाहिए।उपन्यास प्रवर यशोजित विजय महाराज के प्रवचनों का संदेश रहा कि शरीर की सुख-सुविधाओं से आगे बढ़कर आत्मा के कल्याण के बारे में सोचें, कर्मों के प्रति सजग रहें और अहिंसा, त्याग, संयम तथा सम्यकज्ञान को जीवन का आधार बनाएं। यही धर्म आराधना की सार्थकता और आत्मकल्याण का मार्ग है।