आष्टा में मेधावी छात्रों का सम्मान, सफलता उत्सव में गूंजा अभिनंदन का स्वर, शास्त्री स्मृति विद्या मंदिर हा.से. स्कूल आष्टा द्वारा भव्य आयोजन

आष्टा। नगर के शास्त्री स्मृति विद्या मंदिर हा.से. स्कूल आष्टा में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित होने के पश्चात संस्था द्वारा उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य “सफलता उत्सव” एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ उनके पालकों का भी सम्मान किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार सुशील संचेती एवं सकल हिंदू समाज अध्यक्ष नरेंद्र कुशवाहा (पूर्व पार्षद) विशेष रूप से उपस्थित रहे।

संस्था प्रधान श्री प्रेम नारायण शर्मा एवं प्राचार्य श्री सुनील शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।समारोह में वरिष्ठ समाजसेवी हरि नारायण शर्मा, सकल हिंदू समाज संयोजक मुकेश नामदेव, सचिव मनीष डोंगरे, मीडिया प्रभारी राजीव गुप्ता, पत्रकार संजय वर्मा, पत्रकार नवीन शर्मा, धनगर समाज अध्यक्ष अनिल धनगर, प्रेमनारायण जायसवाल, मनोहर विश्वकर्मा, मांगीलाल सिसोदिया सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने मेधावी छात्र-छात्राओं को पुष्पमाला एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।अतिथि के रूप में उपस्थित सकल हिंदू समाज अध्यक्ष नरेंद्र कुशवाहा ने

अपने उद्बोधन में कहा कि सफलता निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।वरिष्ठ पत्रकार सुशील संचेती ने कहा कि यह सम्मान विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम का परिणाम है। शिक्षा ही जीवन में सफलता का सबसे मजबूत आधार है, इसलिए विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति सदैव सजग रहना चाहिए।सकल हिंदू समाज संयोजक मुकेश नामदेव ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्रों के साथ-साथ

उनके माता-पिता एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन का भी परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।संस्था प्रधान श्री प्रेम नारायण शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि शास्त्री स्मृति विद्या मंदिर का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का समावेश ही एक सफल और आदर्श नागरिक का निर्माण करता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखने की प्रेरणा दी

तथा कहा कि संस्था भविष्य में भी विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षा और मार्गदर्शन प्रदान करती रहेगी।कार्यक्रम के अंत में शास्त्री स्मृति विद्या मंदिर हा.से. स्कूल आष्टा के संस्था प्रधान श्री प्रेम नारायण शर्मा का सकल हिंदू समाज की ओर से शाल एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक संजीव दीक्षित द्वारा किया गया।इस अवसर पर संस्था के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में सभी अतिथियों ने मेधावी छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top