

आष्टा । आज 05 अगस्त बुधवार को क्षेत्रीय विधायक श्री गोपालसिंह इंजीनियर द्वारा जनपद पंचायत आष्टा के सभा कक्ष में खण्ड स्तरीय अधिकारियों की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की । बैठक में महेंद्र प्रताप सिंह किरार अनुविभागीय अधिकारी राजस्व आष्टा तथा अमित कुमार व्यास मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत आष्टा ने विधायक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया । समीक्षा बैठक में सर्वप्रथम पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत मुख्यमंत्री अवसंरचना मद व विधायक निधि से स्वीकृत विभिन्न कार्यों की पीपीटी के माध्यम से समीक्षा की गई।

साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत स्वीकृत आवास के विरूद्ध पूर्णतः की भी समीक्षा की गई। साथ ही कोई भी पात्र व्यक्ति आवास के लाभ से वंचित न रहे, इस हेतु सीईओ जनपद पंचायत को निर्देश दिये गये। तत्पश्चात लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अंतर्गत स्वीकृत एकल नलजल योजनाओं की समीक्षा की गई, जिसमे सहायक यंत्री द्वारा विस्तार से योजना की जानकारी दी गई है। विधायक द्वारा प्रगतिरत नलजल योजनाओं को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिये गये। साथ ही जल निगम द्वारा प्रगतिरत रानीपुरा सामुहिक नलजल योजना की अद्यतन स्थिति संबंधी समीक्षा की गई।

विधायक ने बताया गया कि प्रधानमंत्री जी द्वारा हर परिवार को ‘‘नल से जल’’ दिये जाने का संकल्प लिया गया है, जिसे शीघ्र ही पूर्ण करना है। विधायक द्वारा जल निगम द्वारा किये जा रहे कार्यों का मौका स्थल पर निरीक्षण कराने के निर्देश भी उपस्थित जल निगम के अधिकारियों को दिये गये है।
इसी कडी में लोक निर्माण विभाग द्वारा स्वीकृत विभिन्न मार्गों की वर्तमान स्थिति के संबंध में चर्चा की गई एवं समय सीमा में स्वीकृत कार्यों को पूर्ण कराने हेतु संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने हेतु निर्देश दिये गये। नवीन मंडी को प्रारम्भ करने में आ रही रूकावटों के संबंध में मंडी सचिव से जानकारी ली गई, उनके द्वारा बताया गया कि नवीन मंडी में व्यापारियों के लिये गोदाम बनाने

हेतु भूखण्ड आवंटित किये जाना है, किन्तु भूखण्ड आवंटन की नवीन प्रक्रिया ऑनलाईन होने से पोर्टल तैयार किया जा रहा है, जिसमे विलम्ब हो रहा है। पोर्टल तैयार होने के उपरांत ही व्यापारियांे को गोदाम हेतु भूखण्ड आवटन की कार्यवाही की जा सकेगी। साथ ही मंडी मंे किसानों एवं व्यापारियों हेतु पेयजल की व्यवस्था के लिये नगर पालिका आष्टा को नवीन मंडी तक पेयजल पाईप लाईन बिछाने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही नवीन मंडी को शीघ्र प्रारम्भ हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये। मुख्य नगर पालिका अधिकारी आष्टा द्वारा प्रधानमंत्री आवास

योजना 2.0 अंतर्गत आष्टा जावर एवं कोठरी के पात्र हितग्राहियों को आवास का लाभ देने संबंधी जानकारी से विस्तार से बताया गया एवं स्वच्छ भारत मिशन 2.0 अंतर्गत सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट(एसटीपी) के निर्माण हेतु स्थल चयन की जानकारी दी गई, जिससे कीचड एवं गंदे जल को ट्रीट कर उपयोगी बनाया जायेगा। इसके अतिरिक्त महिला एवं बाल विकास विभाग, उद्यानिकी विभाग, वन विभाग, खादय विभाग एवं जल संसाधन विभाग आदि की समीक्षा की गई व उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी माननीय विधायक महोदय द्वारा दिये गये तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों से अवगत

कराने व उन चुनौतियों को संबंधित विभाग के मंत्रियों व वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर समुचित निराकरण कराने हेतु आश्वस्त किया गया। बैठक में अंत में दिनांक 07 अगस्त 2026 से 08 जनवरी 2027 तक सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार चलाये जाने वाले ‘‘जन-विश्वास अभियान’’ के क्रियान्वयन हेतु आवश्यक तैयारियों की भी जानकारी ली गई तथा मुख्यमंत्री जी की मंशा अनुरूप हर पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ मौका स्थल पर ही प्रदान किये जाने के निर्देश दिये गये, साथ ही अभियान के दौरान लंबित सीएम हेल्पलाईन के संतुष्टिपूर्ण निराकरण के लिये भी कार्यवाही की जायेगी।


l