बेटियों और बहनों के विकास से ही होगा प्रदेश का समग्र विकास – मुख्यमंत्री डॉ यादव मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सवा करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खाते में अंतरित की 1836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि नारी सशक्तिकरण के इतिहास में पहली बार महिलाओं को मिलेगा लोकसभा एवं विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण – मुख्यमंत्री डॉ यादव डॉ अंबेडकर ने बहनों की शिक्षा और सशक्तिकरण को दिया अत्यधिक महत्व – मुख्यमंत्री डॉ यादव आष्टा में मुख्यमंत्री का ऐतिहासिक स्वागत, दो किलोमीटर लंबे रोड शो में उमड़ा जनसैलाब आष्टा के संदीपनी स्कूल में बच्चों से मिले मुख्यमंत्री डॉ यादव मुख्यमंत्री ने आष्टा में 184 करोड़ रुपये से अधिक के विकास एवं निर्माण कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन मुख्यमंत्री डॉ यादव आष्टा में की अनेक विकास एवं निर्माण कार्यों की घोषणाएं

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी सशक्तिकरण के इतिहास में पहली बार महिलाओं को लोकसभा एवं विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने वाला है, जो महिला सशक्तिकरण और नीति निर्माण में महिलाओं की भागीदारी की ओर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। उन्होंने कहा कि भारत माता और सभी बहनों के प्रति सम्मान की भावना के कारण हमारी भारतीय संस्कृति पूरी दुनिया में हजारों वर्षों से जानी जाती है। हमारे देश में माताओं और बहनों की देवी की तरह पूजा की जाती है। रक्षाबंधन तो साल में एक बार आता है, पर हर महीने लाड़ली बहनों का इस प्रकार आशीर्वाद मिलना भी रक्षाबंधन से कम नहीं, यह हमें दुगुनी ऊर्जा के साथ कार्य करने की क्षमता देता है। इस अवसर उन्होंने बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर का स्मरण करते हुए कहा कि डॉ अंबेडकर ने हमारे देश को लोकतंत्र और सामाजिक समरसता के साथ-साथ संविधान तो दिया ही, अपितु उन्होंने बहनों की शिक्षा को भी अत्यधिक महत्व दिया। मुख्यमंत्री डॉ यादव आष्टा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए हमारी सरकार निरंतर कार्य कर रही है। 05 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से प्रदेश की 65 लाख बहनें आर्थिक रूप से समृद्ध हुई हैं। इसमें 12 लाख से अधिक तो लखपति दीदियां हैं। सीहोर जिले में 9,477 स्वयं सहायता समूह संचालित हो रहे हैं, जिनमें एक लाख से ज्यादा दीदियां हैं। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि अब बच्चे प्राइवेट स्कूलों को छोड़कर शासकीय स्कूलों में प्रवेश ले रहे हैं, यह मजबूत होती शिक्षा व्यवस्था को दर्शाता है। हमारी सरकार बच्चों को निःशुल्क शिक्षा के साथ किताबें, गणवेश, साइकिल सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। इतना ही नहीं बल्कि हायर सेकेंडरी में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के लिए लैपटॉप भी दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही अपने स्कूल में टॉप करने वाले बच्चों को स्कूटी दी जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि कृषि और किसानों को हर क्षेत्र में समृद्ध बनाने के लिए किसान कल्याण वर्ष मनाया जा रहा है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए हमारी सरकार निरंतर कार्य कर रही है। कृषि में सिंचाई का रकबा निरंतर बढ़ रहा है, जो वर्तमान 55 लाख हैक्टेयर हो गया है, जिसमें विगत दो वर्षों में 10 लाख हैक्टेयर की बढ़ोत्तरी हुई है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए भी सरकार निरंतर कार्य कर रही है, किसानों से 2625 रुपये के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उनकी गेहूं की उपज खरीदी जा रही है। अब किसानों को 24 घंटे खेत में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। किसानों को शासन की योजना के अंतर्गत मात्र 05 रुपये में बिजली कनेक्शन दिया जा रहा है। प्रदेश में दूध उत्पादन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा हमारी सरकार युवा, महिला, गरीब, किसान सहित हर नागरिक के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

आष्टा में मुख्यमंत्री का ऐतिहासिक स्वागत, दो किलोमीटर लंबे रोड शो में उमड़ा जनसैलाब आष्टा नगर ने आज उस वक्त एक ऐतिहासिक और अभिभूत कर देने वाला दृश्य देखा, जब मुख्यमंत्री के स्वागत में नागरिकों ने पलक पावड़े बिछाकर उनका अभिनंदन किया। पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल रहा और हर वर्ग के लोगों ने अपार उत्साह के साथ मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने भी आत्मीयता से नागरिकों का अभिवादन स्वीकार करते हुए सभी का हृदय से आभार व्यक्त किया। करीब दो किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान शहर की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। जगह-जगह नागरिकों द्वारा लगातार पुष्प वर्षा की गई, फूल मालाओं से मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया तथा पगड़ी और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। पूरे मार्ग पर स्वागत के भव्य नजारे देखने को मिले, जहां हर कदम पर लोगों का उत्साह चरम पर नजर आया। इस भव्य स्वागत में विभिन्न क्षेत्रों से आईं 35 से अधिक धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक, व्यापारिक एवं अन्य संस्थाओं ने भी भाग लिया और मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। संस्थाओं द्वारा बाबा महाकाल, भगवान श्री राम, भगवान श्री कृष्ण, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं राजा भोज के चित्र भेंट कर अपनी आस्था और सम्मान व्यक्त किया गया। रोड शो के दौरान कई स्थानों पर विशेष रूप से बड़ी-बड़ी फूल मालाएं तैयार की गईं, जिनसे मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया। इसके साथ ही विभिन्न प्रतीक चिन्ह भी भेंट किए गए, जो इस स्वागत को और अधिक भव्यता प्रदान कर रहे थे। पूरा आष्टा नगर आज एक उत्सव स्थल में परिवर्तित हो गया, जहां हर गली और चौराहे पर लोगों का उत्साह और प्रेम साफ झलक रहा था। नागरिकों का यह अभूतपूर्व स्वागत न केवल मुख्यमंत्री के प्रति उनके सम्मान को दर्शाता है, बल्कि क्षेत्र की सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक समृद्धि का भी परिचायक है।

मुख्यमंत्री ने बाबा साहब डॉ अंबेडकर को किया नमन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आष्टा में रोड शो के दौरान अंबेडकर धर्मशाला पहुंचकर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने श्रद्धा सुमन अर्पित कर संविधान निर्माण में बाबा साहब के अमूल्य योगदान का स्मरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी देश को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने सभी से बाबा साहब के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। आष्टा के संदीपनी स्कूल में बच्चों से मिले मुख्यमंत्री डॉ यादव मुख्यमंत्री डॉ यादव ने आष्टा में 61 करोड़ रूपये लागत के तथा जावर में 39 करोड़ 54 लाख रूपये लागत से नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने आष्टा संदीपनी स्कूल में विद्यार्थियों को नए भवन की सौगात मिलने पर बधाई देते हुए उनसे चर्चा की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त ऐसे विद्यालय महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कक्षा 11वीं तथा 12वीं के छात्र-छात्राओं से विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए कई प्रश्न पूछे। उन्होंने छात्रों से पूछा- कौन डॉक्टर बनेगा, कौन शिक्षक बनेगा, कौन इंजीनियर बनेगा, कौन अपना उद्योग लगाएगा और कौन राजनीति में आएगा। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने के साथ-साथ बच्चों को राजनीति में भी आना चाहिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में देश का नेतृत्व उन्हें ही करना है।

कक्षा में बन गया उत्साह का माहौल, प्राइवेट स्कूल छोड़ सांदीपनि स्कूल में आए बच्चे उस समय कक्षा में उत्साह का माहौल बन गया जब मुख्यमंत्री ने पूछा कि कितने बच्चों ने प्राइवेट स्कूल से सांदीपनि स्कूल में प्रवेश लिया है, सभी 32 बच्चों ने हाथ खड़े कर कहा कि वे प्राइवेट स्कूल से सांदीपनि स्कूल में आए हैं। उन्होंने कहा कि सांदीपनि स्कूल की बेहतर शिक्षा और व्यवस्था के बारे में बच्चे अपने माता-पिता को भी बताएं और अपने मित्रों को भी बताएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संदीपनी स्कूल में सरकार बेहतर से बेहतर शिक्षा व्यवस्था मुहैया करा रही है, जो किसी निजी स्कूलों से कम नहीं है। उन्होंने कक्षा 11वीं तथा 12वीं की महक, मुस्कान, सपना, आराधना तथा माही सहित अनेक छात्राओं से संवाद किया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने बच्चों से कहा कि अच्छी शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने के साथ-साथ देश के अच्छे नागरिक बनें, ताकि देश का अपने सपनों के अनुरूप निर्माण कर सकें। सर्वसुविधायुक्त आष्टा का संदीपनी स्कूल उल्लेखनीय है कि आष्टा में नवनिर्मित इस संदीपनी स्कूल में सर्वसुविधायुक्त लाइब्रेरी व कंप्यूटर लैब भी बनाई गई है। विद्यालय में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग भी सुनिश्चित की गई है। साथ ही सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट भी बनाया गया है। विद्यालय में वर्तमान में करीब 3800 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। यहाँ केजी-1 से लेकर कक्षा 12वीं तक शिक्षण व्यवस्था उपलब्ध है। विद्यालय में आर्ट्स, साइंस, कॉमर्स और कृषि संकाय संचालित किए जा रहे हैं। विद्यालय में 160 शिक्षकों की नियुक्ति की गई है और 90 कक्ष बनाए गए हैं। छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए परिसर में खेल मैदान और बॉटनिकल गार्डन भी है। परिवहन सुविधा के तहत 16 बसें संचालित की जा रही हैं, जो आसपास के लगभग 100 गाँवों से विद्यार्थियों को निःशुल्क विद्यालय तक लाती हैं।

मुख्यमंत्री ने की अनेक घोषणाएं आष्टा विधायक श्री गोपाल सिंह इंजीनियर की मांग पर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने आष्टा के लिए अनेक विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। उन्होंने आष्टा में आईटीआई खोलने, जूनियर बालिका छात्रावास भवन, क्षतिग्रस्त गवाखेडा वेस्टवियर नहर सुधार के लिए एस्टीमेट, भोपाल नाका से कन्नौद रोड तक नगर सीमा में चौड़ीकरण, डिवाइडर निर्माण, नाला निर्माण, ड्रेनेज और स्ट्रीट लाइटिंग, जावर नगर परिषद की सीमा से जैन धर्मशाला जावर तक रोड चौड़ीकरण, डिवाइडर, लाइटिंग, सौंदर्यीकरण कार्य, जिला स्तरीय उत्कृष्ट अनुसूचित जाति बालक छात्रावास में सीट वृद्धि, अनुसूचित जाति कन्या महाविद्यालय में छात्रावास निर्माण, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आष्टा के लिए नवीन भवन निर्माण, जावर में विज्ञान संकाय शासकीय महाविद्यालय खोलने, गुराडिया खुर्द बैराज निर्माण, दूधी नदी पर भाउखेड़ा-अतरलिया बैराज निर्माण, मनीरामपुर में नहर निर्माण, गीता भवन और प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी संपूर्ण विद्युतीकरण कार्य की घोषणा की। सवा करोड़ से अधिक बहनों के खाते में 1836 करोड़ से अधिक की राशि अंतरित मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आष्टा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की एक करोड़ 25 लाख से अधिक लाड़ली बहनों के खाते में योजना की 35वीं किश्त के रूप में 1836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। इसके साथ ही उन्होंने सीहोर जिले की 2,40,287 लाड़ली बहनों के खाते में 35 करोड़ 39 लाख 32 हजार 500 रुपये की राशि अंतरित की। इस अवसर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने 184 करोड़ 92 लाख रुपये लागत के विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इन कार्यों में 115 करोड़ 32 लाख रुपये के कार्यों का लोकार्पण एवं 69 करोड़ 60 लाख रुपये के कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इस अवसर पर उन्होंने अनेक योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए।

इन कार्यों का किया लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 115 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत के विभिन्न कार्यों का लोकार्पण किया, जिनमें नगर पालिका आष्टा के वार्ड-16 घनश्यामपुरा में आंगनवाड़ी भवन निर्माण कार्य (10.76 लाख रुपये), पार्वती नदी पर घाट निर्माण कार्य (97.31 लाख रुपये), नगर परिषद जावर में नेवज नदी रीज्यूवेशन कार्य (188.00 लाख रुपये) तथा वार्ड-03 में नेवज नदी पर पुलिया निर्माण कार्य (88.00 लाख रुपये) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त आष्टा में सांदीपनि विद्यालय भवन निर्माण (6100.00 लाख रुपये) एवं जावर में सांदीपनि विद्यालय भवन निर्माण (3954.00 लाख रुपये), सिद्दीगंज में उपतहसील कार्यालय भवन निर्माण (85.00 लाख रुपये) तथा आष्टा में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय भवन निर्माण (131.00 लाख रुपये) भी शामिल हैं। साथ ही ग्राम मेहतवाड़ा में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माण (295.45 लाख रुपये) तथा आष्टा-शुजालपुर मार्ग से धनाना खड़ी अरनिया गाजी करमनखेड़ी मार्ग पर पुल निर्माण कार्य (582.50 लाख रुपये) का भी लोकार्पण किया। इन कार्यों का किया भूमिपूजन मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 69 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें आष्टा सिद्दीगंज से धर्मपुरी मार्ग निर्माण (200.78 लाख रुपये), हुसैनपुरखेड़ी से ओल्ड आष्टा बडला मार्ग निर्माण (160.11 लाख रुपये) तथा भंवरा से सिद्धेश्वर महादेव मंदिर तक मार्ग निर्माण (401.15 लाख रुपये) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त सिद्दीगंज, कुरावर, मेहतवाड़ा, खड़ी, लोरासकला एवं धुराड़ाकला में शासकीय स्कूलों के निर्माण कार्य (894.51 लाख रुपये), मुख्यमंत्री पुलिस आवास योजना अंतर्गत 12 एनजीओ एवं 48 आरक्षक आवास निर्माण (1143.20 लाख रुपये), इछावर में महाविद्यालयीन बालक छात्रावास निर्माण (450.00 लाख रुपये) तथा पार्वती अर्द्धशहरी पुलिस थाना भवन निर्माण (192.13 लाख रुपये) शामिल हैं।

साथ ही पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत 96 निर्माण कार्य (1368.00 लाख रुपये) एवं 54 सामुदायिक भवन निर्माण (1320.00 लाख रुपये), नगर परिषद कोठरी में अमृत 2.0 अंतर्गत पेयजल योजना (114.00 लाख रुपये), आष्टा में पपनाश नदी से भोपाल नाका तक आरसीसी नाला निर्माण (240.39 लाख रुपये), सड़क चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य (410.39 लाख रुपये), वार्ड-14 में सब्जी मंडी विकास कार्य (26.25 लाख रुपये) तथा वार्ड-03 में पाण्डू शिला के पास सौंदर्यीकरण कार्य (39.19 लाख रुपये) का भूमिपूजन किया। यह थे उपस्थित कार्यक्रम देवास सांसद श्री महेंद्र सिंह सोलंकी और आष्टा विधायक श्री गोपाल सिंह इंजिनियर ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री करणसिंह वर्मा, पिछड़ा वर्ग मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य श्री सीताराम यादव, सीहोर विधायक श्री सुदेश राय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रचना मेवाड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री नरेश मेवाड़ा, श्री विकास वीरानी, आष्टा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर रायसिंह मेवाड़ा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती दीक्षा सोनू गुणवान, कलेक्टर श्री बालगुरू के., एसपी श्री दीपक कुमार शुक्ला, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, लाड़ली बहनें, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top