

आष्टा। नगर में आज धार्मिक उत्साह और भक्ति का एक अनूठा माहौल देखने को मिला, जब बाबा भोलेनाथ के अनन्य भक्तों के एक विशाल जत्थे को बाबा बर्फानी के पावन धाम अमरनाथ यात्रा के लिए अत्यंत हर्षाेल्लास के साथ रवाना किया गया। पूरा परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा। भक्तों का यह जत्था देवाधिदेव महादेव के दर्शन के लिए पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ आगे बढ़ा।

यात्रियों को विधायक गोपालसिंह इंजीनियर, नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा द्वारा पुष्पमाला पहनाकर स्वागत सम्मान कर रवाना किया। त्रिपुंड महादेव सेवा समिति की सराहनीय पहल – यह धार्मिक और पावन यात्रा त्रिपुंड महादेव सेवा समिति आष्टा एवं शाखा जालंधर के तत्वाधान में आयोजित की गई है। समिति द्वारा प्रतिवर्ष निःशुल्क अमरनाथ यात्रा का आयोजन किया जाता है। सेवा और समर्पण का यह लगातार सातवां वर्ष है, जो समिति की अटूट धर्मनिष्ठा को दर्शाता है।

इस वर्ष की यात्रा में आष्टा नगर के कई गणमान्य तीर्थ यात्री शामिल हैं, जिनमें मुख्य रूप से चंदनबाला वोहरा, अंकित वोहरा, पूर्व नपाध्यक्ष डॉ. मीना सिंगी, डॉ. सुरुचिसिंह, कमलेश पाराशर, बृजमोहन नामदेव, बिंदु नामदेव, अमित नामदेव, मोक्ष वोहरा, परम जैन, तन्मय जैन, राहुल सुराणा, मोहित कासलीवाल, महिमा सुराणा, ऋषिता कासलीवाल, चेतन खंडेलवाल, वैशाली खंडेलवाल शामिल हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक गोपालसिंह इंजीनियर एवं नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने सभी तीर्थ यात्रियों का

फूल-मालाओं से आत्मीय स्वागत किया और उन्हें यात्रा की शुभकामनाएं दीं। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए विधायक गोपालसिंह इंजीनियर ने कहा कि अमरनाथ यात्रा केवल एक तीर्थ नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति की अटूट श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक है। आष्टा के नागरिकों को बाबा बर्फानी के दर्शन का यह सौभाग्य मिल रहा है, यह पूरे नगर के लिए गौरव की बात है। त्रिपुंड महादेव सेवा समिति जिस तरह निःस्वार्थ भाव से पिछले सात वर्षों से यह पुनीत कार्य कर रही है, वह अत्यंत वंदनीय है।

नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने कहा कि बाबा भोलेनाथ के दरबार में जाने वाले सभी भक्तों की यात्रा मंगलमय हो। हम देवाधिदेव महादेव से यही प्रार्थना करते हैं कि सभी यात्रियों की यह यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, सुखद और कल्याणकारी हो। बाबा भोलेनाथ अपनी असीम कृपा हमारे सभी भक्तों, यात्रियों और पूरे आष्टा नगर पर सदैव बनाए रखें और नगर में सुख-समृद्धि का वास हो।

इस अवसर पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष प्रतिनिधि विशाल चौरसिया, नगर महामंत्री धनरूपमल जैन, तारा कटारिया, मोहित सोनी, वरिष्ठ पत्रकारगण सुशील संचेती, किरण रांका,सौरभ रूणवाल, विजय खंडेलवाल, आलोक वोहरा, पंकज राठी, गिरजा कुशवाह, निर्मला कुशवाह, कुशलपाल लाला सहित बड़ी संख्या में नागरिकगण मौजूद थे।


