वार्ड क्रमांक 16 में सीसी रोड निर्माण का हुआ भूमिपूजन, विकास कार्यों को गति देने का संकल्प

आष्टा। नगरपालिका परिषद आष्टा द्वारा शहर के चौतरफा विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज नगर के वार्ड क्रमांक 16 में स्थानीय निवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए सीसी रोड निर्माण कार्य का भव्य भूमिपूजन किया गया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का भूमिपूजन वार्ड पार्षद रवि शर्मा की उपस्थिति में किया।

जनता की सुविधाओं के लिए परिषद प्रतिबद्ध – भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने कहा कि नगरपालिका परिषद आष्टा नगर के प्रत्येक वार्ड में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा नगर में विकास और निर्माण कार्यों का यह सिलसिला थमने वाला नहीं है। हमारा मुख्य उद्देश्य आष्टा के नागरिकों को बेहतर आवागमन स्वच्छ वातावरण और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। वार्ड क्रमांक 16 में इस सीसी रोड के बनने से स्थानीय लोगों को कीचड़ और

उबड़-खाबड़ रास्तों से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी।गुणवत्ता से नहीं होगा कोई समझौता – श्री मेवाड़ा ने उपस्थित ठेकेदार और सब इंजीनियर को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का ही उपयोग किया जाए। कार्य को समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए ताकि वार्ड वासियों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

लंबे समय से इस मार्ग के पक्कीकरण की आस लगाए बैठे वार्ड क्रमांक 16 के नागरिकों ने भूमिपूजन होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। स्थानीय निवासियों ने नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा और नगरपालिका परिषद का आभार जताते हुए फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इस अवसर पर नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा, वार्ड पार्षद रवि शर्मा, डॉ. सलीम खान, तेजसिंह राठौर, तारा कटारिया, अरशद अली, संतोष शर्मा, रवि ठाकुर, हरेन्द्रसिंह ठाकुर, योगेन्द्रसिंह ठाकुर, बसंत पाठक, कुलदीप शर्मा, लखन डूमाने सहित अन्य वार्डवासीगण मौजूद थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top