
आष्टा। नगरपालिका परिषद का साधारण सम्मेलन नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर मेवाड़ा की अध्यक्षता एवं नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा, नपाउपाध्यक्ष सिद्दीका भूरू खां, मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति तथा पार्षदों की विशेष उपस्थिति में नगरपालिका के परिषद सभागार में संपन्न हुआ। बजट की बैठक में परिषद ने नगर विकास के लगभग दो दर्जन बिंदुओं को सर्वसम्मति से पारित कर नगर के सर्वांगिण विकास में अपना सहयोग प्रदान किया। गत वर्ष के अनुसार ही करों एवं शुल्कों की दरों का प्रावधान किया गया है। नगर के सभी 18 वार्डो में आवश्यकतानुसार सड़कक, नाली, पार्वतीी घाट सौंदर्यीकरण, तालाब संरक्षण व सुधार तथा सार्वजनिक शौचालय निर्माण के प्रावधान बजट में रखे गए है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्ताव मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति ने परिषद के सभी सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया, जिसमें आगामी बजट 2026-27 में अनुमानित 276 करोड़ 52 लाख 7 हजार 317 रूपये की आय एवं 276 करोड़ 48 लाख 81 हजार रूपये का अनुमानित व्यय होना संभावित है। इस प्रकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट लाभ का बजट प्रस्तुत हुआ, जिसमें 3 लाख 26 हजार 317 रूपये की बचत हुई। मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 बजट में मुख्य रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना, आवास अटल कॉलोनी में विद्युतीकरण, अमृत 2.0 अंतर्गत नगर में पेयजल सुधार हेतु नवीन पाईप ओवरहेड टैंक निर्माण, रामपुरा डेम से आष्टा नगर तक पाईप लाईन से पानी लाने हेतु पाईप लाईन विस्तार कार्य, बाउंड्रीवाल निर्माण, मुख्यमंत्री कायाकल्प योजनांतर्गत नगर में बीटी रोड़ निर्माण आदि शामिल है।रोजगार के अवसर को भी किया शामिल – नगर में रोजगार के अवसरों में वृद्धि हेतु फायर स्टेशन के पास आवासीय परिसर में नवीन दुकानों के निर्माण, आवास कॉलोनी में शॉपिंग कॉम्पलेक्स निर्माण, रेस्ट हाउस के सामने स्थित रिक्त भूमि पर नवीन दुकानों का निर्माण को भी प्राथमिकता दी गई है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत गंदे पानी की रिसायक्लिंग हेतु लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का निर्माण, एमआरएफ प्लांट की स्थापना, नागरिक सुविधा हेतु वृद्धाश्रम, संजीवनी क्लीनिक एवं आंगनबाड़ी का निर्माण कार्य शामिल है।नगरवासियों के मनांेरंजन का रखा ध्यान – बजट बैठक में जहां निर्माण कार्यो को सम्मलित किया, वहीं नगरवासियों के मनोरंजन का ध्यान रखते हुए एवं पर्यावरण सुरक्षा का ख्याल रखते हुए प्राकृतिक पार्क निर्माण, संगम घाट सौंदर्यीकरण, पार्वती नदी डाउन स्ट्रीम विकास शामिल है। साथ ही जनसुविधा हेतु ट्रेक्टर, जेसीबी वाहन एवं कचरा संग्रहण के लिए एक अतिरिक्त नवीनल वाहन क्रय किया जाना प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त एलम, ब्लीचिंग, फिनाईल क्रय, जल प्रदाय पाईप लाईन मरम्मत व संधारण हेतु भी राशि का समावेश किया गया है। वहीं हाथ कचरा गाड़ी, झाड़ू, पंजर, गेदी, फावड़े, चूना आदि क्रय के साथ-साथ वाहन मरम्मत तथा वाहन संचालन हेतु डीजल क्रय की राशि का भी प्रावधान किया गया है। बैठक में नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर मेवाड़ा, उपाध्यक्ष सिद्दीका भूरू खां, नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा, मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति, पार्षदगण डॉ. सलीम खान, कमलेश जैन, राजकुमार मालवीय, हिफ्फजुर्रहमान भैया मियां, राशिदा अनवार हुसैन, मेहमूद अंसारी, आरती नामदेव, नूरजहां शेख रईस, तस्कीन बी अतीक कुरैशी, जाहिद गुड्डू, तारा कटारिया, तेजसिंह राठौर, रवि शर्मा, अंजनी चौरसिया, लता तेजपाल मुकाती, सहायक यंत्री आकाश गोयतर, लेखापाल अनिरूद्ध नागर सहित नपा के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद थे।