शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत सीहोर नगर पालिका द्वारा किया गया वेबसाइट का शुभारंभ

सीहोर, 09 अप्रैल, 2026 सीहोर नगर पालिका द्वारा दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (DAY-NULM) के अंतर्गत संचालित सिटी लाइवलीहुड सेंटर सीहोर के लिए वेबसाइट का शुभारंभ किया गया। इस सेंटर को इमैजिन ग्रुप संस्था द्वारा संचालित किया जा रहा है। इस वेबसाइट के माध्यम से नागरिकों को (DAY-NULM) अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं रोजगार अवसरों की समस्त जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी। साथ ही आज से ही “3 दिवसीय टेलीकॉलर प्रशिक्षण कार्यक्रम” हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं एवं रोजगार की तलाश कर रहे हितग्राहियों के लिए तैयार किया गया है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्रभावी संचार कौशल, ग्राहक सेवा, कॉल हैंडलिंग तकनीक एवं डिजिटल माध्यमों के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा, साथ ही उन्हें टेलीकॉलर के रूप में स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। चयनित प्रतिभागियों को कुछ मामलों में घर से कार्य करने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा, जिससे वे अपनी सुविधा अनुसार कार्य कर सकें। वेबसाइट के शुभारंभ अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री प्रिंस राठौर ने ने कहा कि सीएलसी द्वारा शुरू की गई यह वेबसाइट न केवल योजनाओं की जानकारी को सरल और सुलभ बनाएगी, बल्कि पारदर्शिता और पहुंच को भी बढ़ाएगी। इस अवसर पर नगर पालिका सीएमओ श्री सुधीर सिंह ने कहा कि यह पहल डिजिटल सशक्तिकरण एवं रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वेबसाइट के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचेगी और उन्हें लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।” सीएलसी संचालक श्री अमोल पोहेकर ने बताया कि टेलीकॉलर प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को कम समय में उपयोगी कौशल प्रदान कर उन्हें आय के अवसरों से जोड़ना है। आने वाले समय में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए एक “हैंडीमैन सर्विस मोबाइल ऐप” तथा स्व सहायता समूहों (SHG), स्ट्रीट वेंडर्स एवं स्थानीय व्यवसायों के लिए एक “ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म” भी लॉन्च किया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर उपाध्यक्ष श्री विपिन सास्ता, श्री नितिन तिवारी, श्रीमती जागृति चौहान, श्री प्रकाश राठौर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top