राजश्री कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज, आष्टा में ‘रन फॉर स्वदेशी’ का भव्य आयोजन

updatenews247.com धंनजय जाट आष्टा 7746898041- राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आज राजश्री कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज आष्टा द्वारा ‘रन फॉर स्वदेशी’ दौड़ का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूकता पैदा करना और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सुदृढ़ करना था। सोमवार सुबह कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राओं और प्राध्यापकों ने बड़े उत्साह के साथ ‘स्वदेशी अपनाओ, देश बचाओ’ जैसे प्रेरणादायक नारे लगाए।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर पुष्प माला अर्पित कर किया गया। दौड़ के समापन पर एक विशेष सभा का आयोजन हुआ, जिसमें प्राध्यापकों ने युवाओं को स्थानीय उद्योगों और भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने की शपथ दिलाई। कॉलेज संचालक श्री बी.एस. परमार  ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद जी कहते थे, ‘उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए।’ हमारा लक्ष्य है—भारत को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना। और यह तभी संभव है जब हम ‘स्वदेशी’ को केवल एक नारा नहीं, बल्कि अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएँ।

जब हम अपने देश में बनी वस्तुओं का उपयोग करते हैं, तो हम सीधे तौर पर अपने देश के किसान, कारीगर और छोटे व्यापारियों की मदद करते हैं। यदि हम शारीरिक रूप से स्वस्थ होंगे और मानसिक रूप से स्वदेशी के प्रति जागरूक होंगे, तभी हम एक विकसित राष्ट्र का निर्माण कर पाएंगे। युवा होने के नाते यह आपकी जिम्मेदारी है कि आप विदेशी उत्पादों की चमक-धमक से ऊपर उठकर अपनी मिट्टी की महक और अपने देश के हुनर को पहचानें। “युवा शक्ति ही देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे सकती है, और स्वदेशी को अपनाना इस दिशा में पहला बड़ा कदम है।”

यह कार्यक्रम न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए लाभदायक रहा, बल्कि इसने सामाजिक एकता और देशभक्ति का संदेश भी प्रसारित किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से महाविद्यालय विद्यार्थीयो के साथ संचालक श्री बीएस परमार, प्रभारी प्राचार्य अर्जुन परमार, मीडिया प्रभारी मनोज कमलोदिया, सविता बैरागी, राहुल सेन, रामवती मेवाड़ा, द्वारकाप्रसाद करमोदिया, प्रहलाद मेवाड़ा, पुष्पा मेवाड़ा, अखिलेश सक्सेना, पूजा परमार, माया मेवाड़ा, पूजा मेवाड़ा, ममता तिवारी, कविता भूतिया, रंजना परमार, मनोहर लाल, विनोद मीणा, बहादुर सिंह, रवि मेवाड़ा, अरविंद यादव, रीना यादव व शिवराम परमार उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top