
updatenews247.com धंनजय जाट सीहोर 7746898041- आज सुबह लगभग साढ़े दस बजे किसी राहगीर ने डायल 100 पर सूचना दी कि इंदौर-भोपाल बायपास क्रिसेंट चौराहे के पास भीषण सड़क दुर्घटना हो गई है। राहगीर ने 100 डायल को बताया कि एक गैस टैंकर और यात्री बस में टक्कर हो गई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि गैस टैंकर से रिसने वाली गैस आग में तब्दील हो गई और बस को भी आग की चपेट में ले लिया। बस में 25 यात्री सवार थे। बस इछावर से सीहोर आ रही थी। आग इतनी भीषण थी कि आग और काले धुएं का गुबार आसमान में दूर से ही दिखाई दे रहा था।

आग ने उस वक्त घटना स्थल के पास से निकलने वाले राहगीरों और वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना स्थल पर चीख पुकार और अफरातफरी का माहौल था। डायल 100 की सूचना पर कलेक्टर श्री बालागुरू के. तथा कमान्ड सेंटर की प्रभारी एवं जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन के निर्देश पर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटना स्थल की ओर रवाना हुई। महज पांच से दस मिनिट के भीतर एसडीआरएफ की टीम, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस तथा जिला एवं पुलिस प्रशासन की अन्य टीमें घटना स्थल पर पहुंच गई और बचाव की कार्रवाई यु़द्ध स्तर पर शुरू कर दी।

कुछ ही पल में अग्निशमन दल ने गैस टैंकर से हो रहे गैस रिसाव को बंद कर आग पर काबू पाया। बस में सवार सभी 25 घायल यात्रियों को निकालकर पास ही बनाये गये बचाव एवं राहत शिविर तथा जिला अस्पताल पहुंचाया गया और गम्भीर रूप से घायल हुए यात्रियों को भोपाल रेफर किया गया। भोपाल से वरिष्ठ अधिकारी भी राहत एवं बचाव की पल-पल की जानकारी ले रहे थे। यह पूरा दृश्य सीहोर में आयोजित औद्योगिक आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल का था। यह सीन इतना वास्तविक था कि आसपास के नागरिक अचंभित रह गये और इस घटना की सच्चाई जानने के लिए कई नागरिकों ने प्रशासन के आला अफसरों को फोन भी लगा लिया।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण तथा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देश पर जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन, एएसपी श्रीमती सुनीता रावत, संयुक्त कलेक्टर श्री आनंद सिंह राजवत, एसडीएम श्री तन्मय वर्मा, सीएसपी श्री निरंजन सिंह राजपूत, होम गार्ड कमान्डेंट श्रीमती नीलमणी लड़िया सहित पुलिस की टीम, नगर पालिका और जिला अस्पताल की टीम, राजस्व विभाग की टीम तथा गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया (गैल) की टीम ने इस पूरी घटना को मूर्त रूप दिया।

updatenews247.com धंनजय जाट सीहोर 7746898041- सीहोर जिले का चिंतामन गणेंश मंदिर और सलकनपुर धाम, आस्था के बड़े केन्द्र के रूप में देश दुनियॉं में प्रसिद्ध हैं। इन दोनों प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के साथ ही अब देवबड़ला भी धार्मिक पर्यटन के रूप में विकसित हो रहा है। यहॉं आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है। यह नेवज नदी के उदगम स्थल और घने जंगलों में होने के कारण यहां का प्राकृतिक वातावरण पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा हैं।

देवबड़ला सीहोर जिले की जावर तहसील के ग्राम बीलपान के घने जंगलों की बीच विंध्याचल पर्वत श्रृंखला पर स्थित है। देवबड़ला का मालवी में अर्थ है जंगल, अर्थात घने जंगलों में देवों की भूमि। पुरात्व की दृष्टि से यह क्षेत्र अमूल्य धरोहर है। देवबडला में खुदाई के दौरान 11वीं 12 शताब्दी के परमार कालीन शिव मंदिर और अन्य मंदिर मिले हैं। खुदाई में शिव मंदिर के साथ ही 20 से अधिक प्रतिमाएं भी मिली हैं। इनमें मूर्तियों में ब्रह्मदेव, विष्णु, गौरी, भैरव, नरवराह, लक्ष्मी, योगिनी, जलधारी, नंदी, और नटराज की प्रतिमाएं शामिल हैं।

इस अमूल्य धरोहर को सहेजने का कार्य किया जा रहा है। पुरातत्व विभाग द्वारा वर्ष 2015 में यहॉ खुदाई शुरू की गई। मई 2016 में शिव मंदिर के पुनर्निर्माण का कार्य प्रारंभ किया गया। यह मंदिर 51 फीट ऊंचा है और इस मंदिर का कार्य पूर्ण हो चुका है। दूसरे मंदिर का निर्माण 2024 में पूरा कर लिया गया। इन मंदिरों को मूल स्वरूप देने के लिए मंदिर के अवशेषों को जोड़ने में चूना, गुड़, गांद, उड़द, मसूर, जैसे प्राकृतिक वस्तुओं का उपयोग किया गया है। देवबड़ा के मंदिर प्राकृतिक आपदा के कारण नष्ट होना माना जाता हैं।

खुदाई में मिले मंदिरों को फिर से उसी स्थिति में बनाने के लिए पहले मलबा सफाई का काम किया जाता है। इसके बाद डॉक्यूमेंटेशन कर पता लगाया जाता है पूर्व में मंदिर का स्ट्रक्चर कैसा रहा होगा। गर्भगृह में कौन सी प्रतिमा होगी। गणपति कहां होंगे। इसके बाद पत्थरों पर नंबर डाले जाते हैं, ताकि पता लगाया जा सके कि मंदिर निर्माण में कौन सा पत्थर कहां लगाया जाएगा। इस विधि को कंजर्वेशन या पुनर्स्थापन विधि कहते हैं। देवबड़ला स्थान भोपाल तथा इंदौर से 115 किलो मीटर दूर है। भोपाल या इंदौर मध्य आष्टा नगर से देवबड़ला के लिए सड़क मार्ग से जा सकतें हैं।

सीहोर जिला मुख्यालय से इसकी दूरी 75 किलोमीटर है। सारू-मारू की गुफाएं- सरु मारु एक प्राचीन मठ परिसर और बौद्ध गुफाओं का पुरातात्विक स्थल है। तथागत गौतम बुद्ध के शिष्य महामोद्गलायन और सारीपुत्र के समय की हैं। यह स्थल सीहोर जिले के बुधनी तहसील के ग्राम पान गुराड़िया के पास स्थित है। यह स्थल सांची से लगभग 120 किलोमीटर दूर है। इस स्थल में कई स्तूपों के साथ-साथ भिक्षुओं के लिए प्राकृतिक गुफाएं भी हैं। गुफाओं में कई बौद्ध भित्तिचित्र (स्वस्तिक, त्रिरत्न, कलश) पाए गए हैं। मुख्य गुफा में अशोक के दो शिलालेख पाए गए थे, जो अशोक के संपादकों में से एक है, और एक शिलालेख में अशोक के पुत्र महेंद्र की यात्रा का उल्लेख है।

अन्य शिलालेख के अनुसार सम्राट अशोक जब विदिशा में निवास करते थे। उस समय उनके द्वारा इस स्थल की यात्रा की गई थी। सम्राट अशोक के राज्यकाल के पहले की गुफाएं व स्तूप हैं। यहां सम्राट अशोक सम्राट बनने के बाद आए थे। जिसके शिलालेख सांची में सुरक्षित रखे गए हैं। बुधनी का बुद्धकाल में बुद्धनगरी था, बुधनी के पास तालपुरा नामक स्थान पर भी बुद्ध के स्तूप निर्मित हैं। लगभग 50 एकड़ क्षेत्रफल में फैली इसी पहाड़ी में शैल चित्र एवं 25 से अधिक बौद्ध स्तूप हैं। जिनका रख-रखाव और संरक्षण राष्ट्रीय पुरातत्व विभाग किया जाता है।
