VIT कॉलेज पहुंचीं प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश, कहा इस घटना को गंभीर चेतावनी के रूप में लेते हुए भविष्य में ऐसी कोई पुनरावृत्ति न हो

updatenews247.com धंनजय जाट सीहोर 7746898041- प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर पहुंचीं वीआईटी कॉलेज, व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश, विद्यार्थियों से सतत् संवाद और उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के प्रभारी मंत्री ने दिए निर्देश, इस घटना को गंभीर चेतावनी के रूप में लेते हुए भविष्य में ऐसी कोई पुनरावृत्ति न हो – प्रभारी मंत्री श्रीमती गौर। सीहोर जिले के कोठरी स्थित वीआईटी कॉलेज में हाल ही में विद्यार्थियों द्वारा भोजन, पेयजल एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर उठाई गई शिकायतों और उत्पन्न स्थिति को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए पिछड़ा वर्ग मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर आज वीआईटी कॉलेज परिसर पहुंचीं।

प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने कॉलेज प्रबंधन, जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर घटना के बारे में विस्तार से चर्चा की। मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने कॉलेज प्रबंधन एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कॉलेज में एक स्थायी शिकायत निवारण तंत्र विकसित किया जाए, जिसमें विद्यार्थियों की भागीदारी भी हो, ताकि किसी भी समस्या की सूचना सीधे प्रशासन तक पहुंचे और उसका समय पर समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि इस घटना को गंभीर चेतावनी के रूप में लेते हुए भविष्य में ऐसी किसी भी परिस्थिति की पुनरावृत्ति न हो, यह सुनिश्चित करना सभी संबंधितों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कॉलेज में संचालित मेस, रसोईघर, पेयजल स्त्रोत, स्टोरेज टैंक, शौचालय एवं छात्रावास परिसर की सफाई व्यवस्था पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य से किसी भी स्तर पर खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि कॉलेज से लिए गए भोजन एवं पानी के सैंपलों की जांच प्रक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरा किया जाए और रिपोर्ट आते ही दोषी पाए जाने वालों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि व्यवस्थाओं में लापरवाही यदि दोहराई गई तो शासन स्तर पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

प्रभारी मंत्री ने निर्देशित किया कि कॉलेज में तत्काल प्रभाव से मेस और जल आपूर्ति व्यवस्था की दैनिक मॉनिटरिंग शुरू की जाए, जिसकी जिम्मेदारी कॉलेज प्रबंधन के जिम्मेदार अधिकारियों को सौंपी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि रसोईघर, भोजन भंडारण स्थल और जल टंकियों की नियमित सफाई एवं सैनिटाइजेशन का प्रोटोकॉल तैयार कर उसका कड़ाई से पालन कराया जाए। उन्होंने छात्रावासों की व्यवस्था में सुधार के लिए अलग से एक निरीक्षण दल गठित करने, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने तथा

सुरक्षा गार्डों की उपस्थिति अनिवार्य करने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने बीएमओ एवं मेडिकल स्टाफ को निर्देश दिए कि सभी विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच की जाए और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। वर्तमान में कॉलेज परिसर में शांति एवं सामान्य स्थिति बनी हुई है। बैठक के पश्चात मंत्री श्रीमती गौर ने वीआईटी कॉलेज के विद्यार्थियों से भेंटकर कॉलेज की व्यवस्थाओं और घटना के बारे में विस्तृत जानकारी ली और छात्रों को आश्वस्त किया कि सरकार उनकी हर समस्या के निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है और उनकी हर समस्या का निराकरण किया जाएगा।

बैठक में सीहोर विधायक श्री सुदेश राय, आष्टा विधायक श्री गोपाल सिंह इंजिनियर, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री नरेश मेवाड़ा, कलेक्टर श्री बालागुरू के., एसपी श्री दीपक कुमार शुक्ला ने कॉलेज प्रबंधन को कॉलेज की व्यवस्थाओं को दुरूस्त करने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। बैठक में आष्टा एसडीएम श्री नितिन टाले, एसडीओपी श्री आकाश अमलकर, वीआईटी कॉलेज के श्री केके नायर, श्री देवाशीष अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कॉलेज प्रबंधन के अधिकारी उपस्थित थे।

updatenews247.com धंनजय जाट सीहोर 7746898041- श्री सत्य सांई यूनिवर्सिटी ऑ$फ टेक्नोलॉजी एंड मेडिकल साइंसेस, सीहोर के स्कूल ऑफ ला में संविधान दिवस बड़े ही उत्साह, गरिमा एवं राष्ट्रभावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय अतिथियों, प्राध्यापकों तथा छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल ऑफ ला की डीन डॉ. अमृता सोनी द्वारा की गई। अपने स्वागत उद्बोधन में उन्होंने

भारतीय संविधान को राष्ट्र की आत्मा बताते हुए कहा मैं संविधान हूँ संविधान मुझमें जीता है और मैं संविधान में जीती हूँ मुझे गर्व है कि मैं भारतीय हूँ। उन्होंने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों का हार्दिक स्वागत करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. मुकेश तिवारी, कुलसचिव डॉ. हेमंत शर्मा तथा परीक्षा नियंत्रक डॉ. संजय राठौर सहित विभिन्न संकायों के डीन, प्राचार्य एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना का वाचन, संविधान की महत्ता पर संवाद, तथा विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। उपस्थित सभी लोगों ने संविधान के आदर्शों—न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुत्व—को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया तथा समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

updatenews247.com धंनजय जाट सीहोर 7746898041- दुग्ध उत्पादक किसान की बेटी को 11 हजार रुपए नगद राशि के साथ-साथ साडी-कपडे, फल, श्रीफल, मिठाइयों से भरे थाल सौंपे, दुग्ध संघ ने मामा का फर्ज निभाकर निभाई मायरे की परंपरा, समिति के लोगों ने परंपरा के अनुसार कन्या के परिजनों को ओढ़ाई पेरावनी। पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जिस तरह से प्रदेश की बेटियों के लिए मामा बन कर कन्या दान योजना सहित कई योजनाएं शुरू की थी उसी तरह भोपाल दुग्ध संघ ने भी समिति से जुड़े हुए लोगों के लिए भोपाल दुग्ध संघ ने मायरा (भात) योजना मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर शुरू की है।

इस योजना के तहत दुग्ध संघ से जुड़े परिवारों के यहां होने वाले विवाह आयोजनों में दुग्ध संघ के अधिकारी और सदस्य शामिल होकर मामा का फर्ज निभाते हुए विवाह के एक दिन पूर्व मायरा (भात) परंपरा को निभा रहे है। इसी के तहत गुरुवार को सहकारी दुग्ध समिति के ग्राम कचनारिया निवासी किसान कैलाश बरेठा की पुत्री निकिता बरेठा के विवाह मंडप कार्यक्रम में भोपाल दुग्ध संघ के पदाधिकारी और समिति के सदस्य शामिल हुए। जहां पर समिति के जिला नोडल अधिकारी कृपाल सिंह दुगरिया, पर्यवेक्षक मूलचंद वर्मा, पर्यवेक्षक पंकज गौर, गोविंद शर्मा,

मुंगावली समिति के सचिव जगदीश वर्मा, धनखेडी समिति सचिव मनोहर वर्मा, दुग्ध समिति कचनारिया के अध्यक्ष दिनेश राठौर, सचिव मुकेश कुमार बरेठा मामा के रूप मे भांजी कि शादी में उपस्थित हुए। मायरा योजना के तहत परंपरा निभाते हुए 11000 रुपए की नगद राशि, मायरा, फल माला और मिठाई, वस्त्र भेट कर रस्म निभाई। इस दौरान जिला नोडल अधिकारी कृपाल सिंह दुगरिया ने वैवाहिक जीवन मंगलमय होने की शुभकामनाएं देते हुए कहा दुग्ध संघ हमेशा अपने सदस्यों को उच्चतम क्रय दर के साथ, उनके दुख व सुख में हमेशा साथ खड़े होने की भावना से सदस्य सहायता योजना,

और सांची भात मायरा योजना का लाभ अपने सदस्यों को पहुंचा रहा हैं। कहा कि हमारी बेटियों के परिवार का सांची दुग्ध संघ से जनम-जनम का नाता भी जुड़ जाता है। सांची मायरा हमारी बेटियों के लिए उपहार नहीं है बल्कि सांची से हमारा और हमारी बेटियों के परिवार को भी जोड़ने वाला एक अटूट बंधन है। सांची भात मायरा योजना का लाभ प्राप्त करने पर ग्राम कचनारिया के किसान कैलाश बरेठा और पारिवारिक सदस्यों ने भोपाल दुग्ध संघ के अधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में दुग्ध संघ से जुड़े किसान और ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top