

updatenews247.com धंनजय जाट आष्टा 7746898041- गुणवत्ता प्रबंधन में उत्कृष्टता की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सीहोर को प्रतिष्ठित ISO 9001:2015 गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली प्रमाणन प्राप्त हुआ है । यह प्रमाणन कार्यालय की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, सेवा गुणवत्ता में निरंतर सुधार और नागरिक संतुष्टि के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। इस उपलब्धि से पुलिस अधीक्षक कार्यालय को अपनी आंतरिक प्रक्रियाओं को और अधिक मानकीकृत करने, सेवाओ को प्रभावी बनाने तथा नागरिकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने में सहायता मिलेगी।

अपराधों एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण, आमजन एवं कर्मचारियों की शिकायतों का त्वरित निराकरण, आपात स्थितियों में त्वरित कार्यवाही तथा कार्यालय के रिकॉर्ड के व्यवस्थित रख-रखाव के लिए सीहोर जिले के पुलिस अधीक्षक कार्यालय को आईएसओ सर्टिफिकेट प्राप्त हुआ है। आईएसओ सर्टिफिकेट मिलने से पूर्व टीम द्वारा कार्यालय में रिकॉर्ड के रख-रखाव, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, कार्यालय का सुव्यवस्थित संचालन, पार्किंग, साफ-सफाई आदि व्यवस्थाओं के मानकों के आधार पर निरीक्षण कर प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाता है ।

समारोह में ISO संस्था के अधिकारी श्री योगेन्द्र द्विवेदी विशेष रूप से उपस्थित रहे । समारोह में पुलिस महानिरीक्षक, देहात जोन, भोपाल श्री अभय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे । पुलिस अधीक्षक सीहोर श्री दीपक कुमार शुक्ला को ISO प्रमाण पत्र प्रदान किया । इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीहोर श्रीमती सुनीता रावत सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी पुलिस एवं थाना प्रभारी गण तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे । आईजी देहात जोन भोपाल श्री अभय सिंह

“सीहोर पुलिस द्वारा प्राप्त यह ISO 9001:2015 प्रमाणन न केवल विभाग की कार्यकुशलता का प्रमाण है, बल्कि यह नागरिकों को बेहतर सेवाएं देने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम भी है। मैं पुलिस अधीक्षक श्री दीपक कुमार शुक्ला एवं उनकी टीम को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देता हूं।” पुलिस अधीक्षक श्री दीपक कुमार शुक्ला : “यह प्रमाणन पुलिस अधीक्षक कार्यालय की टीम के सतत प्रयासों और सेवा गुणवत्ता में सुधार के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का परिणाम है। हम नागरिकों को पारदर्शी, उत्तरदायी और उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।”



