इनरव्हील क्लब ने छात्राओं को गुड टच-बेड टच की दी जानकारी, बच्चों को सिखाएँ गुड टच और बैड टच, सुरक्षा की पहली सीख- संगीता सोनी

updatenews247com धंनजय जाट आष्टा 7746898041- इनरव्हील क्लब ने छात्राओं को गुड टच-बेड टच की दी जानकारी, महिला वकील अनीता यादव ने बताए कानून, बच्चों को सिखाएँ गुड टच और बैड टच, सुरक्षा की पहली सीख- संगीता सोनी। सोमवार को इनरव्हील क्लब द्वारा स्थानीय कन्या हायर स्कूल में जाकर गुड टच बेड टच की जानकारी दी गई। इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष श्रीमती संगीता सोनी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच इनरव्हील क्लब ने माता-पिता से अपील की है

कि वे बच्चों को बचपन से ही गुड टच और बैड टच की पहचान कराना शुरू करें। यह सरल सी शिक्षा बच्चों को न केवल जागरूक बनाती है, बल्कि किसी भी असामान्य स्थिति में आवाज उठाने का साहस भी देती है। गुड टच वह स्पर्श है जिसमें बच्चे को प्यार, सुरक्षा और सम्मान का एहसास होता है- जैसे माता-पिता का दुलार, अध्यापक का प्रोत्साहन या डॉक्टर द्वारा इलाज के दौरान किया गया स्पर्श। इसके विपरीत, बैड टच वह स्पर्श है जिससे बच्चा असहज, डरा या परेशान महसूस करे, जैसे निजी अंगों को छूना, अनचाहा स्पर्श या किसी भी तरह की दबाव वाली स्थिति। वही वकील अनीता यादव ने बताया कि

माता-पिता बच्चों को यह बात स्पष्ट रूप से बताएं कि उनका शरीर उनका अपना है और कोई भी उनकी अनुमति के बिना उन्हें छू नहीं सकता। बच्चों को “ना” कहना, गलत स्पर्श से दूर हटना और तुरंत किसी भरोसेमंद वयस्क—जैसे माता-पिता, शिक्षक या परिवार के अन्य सदस्य—को बताने की सीख देना बेहद आवश्यक है।इसके साथ ही बच्चों को यह भी समझाना जरूरी है कि सुरक्षा से जुड़ी कोई भी बात “सीक्रेट” नहीं होती। यदि कोई व्यक्ति किसी भी तरह से डराकर, समझाकर या लालच देकर उन्हें चुप रहने को कहे, तो बच्चे तुरंत अपनी बात शेयर करें। परिवार और स्कूल मिलकर जागरूकता बढ़ाएँ तो बच्चों को सुरक्षित वातावरण देने में बड़ी मदद मिल सकती है।

छोटी उम्र में दी गई यह सीख जीवनभर उनकी सुरक्षा ढाल का काम करती है। इस दौरान श्रीमती अनिता यादव ने अपना मोबाइल नंबर भी छात्राओं को दिया ओर कहा कि अगर किसी भी प्रकार की आपको सलाह या मदद की जरूरत हो तो तुरंत संपर्क कर सकते है। जानकारी प्रदान करने के पश्चात क्लब के द्वारा श्रीमती अनिता यादव के साथ शिक्षिका आरती शर्मा, बबीता सोनी का साल, माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष श्रीमती संगीता सोनी, उपाध्यक्ष सुनीता सोनी, सचिव दीपिका सोनी, कोषाध्यक्ष श्रद्धा पालीवाल, एडिटर अर्चना सोनी, आईएसओ जयश्री शर्मा, आरती शर्मा मौजूद रही।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top